इबोला वायरस को लेकर दुनिया में अलर्ट, WHO ने घोषित की ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी, भारत समेत कई देशों ने बढ़ाई निगरानी

Ebola Global Health Emergency: दुनियाभर में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला वायरस को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। इसके बाद भारत समेत कई देशों ने सतर्कता बढ़ा दी है। खासतौर पर अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर जांच शुरू कर दी गई है। भारत सरकार ने कांगो, युगांडा और सूडान की यात्रा करने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने कहा है कि इन देशों से लौटने वाले लोग अगर बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त, गले में दर्द या शरीर दर्द जैसे लक्षण महसूस करें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग और मेडिकल निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें:- कर्नाटक में नदी में डूबने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत, सीपियां इकट्ठा करने गए थे सभी
कांगो में इबोला संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 20 दिनों में करीब 200 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि वहां सैनिटाइजर और मास्क की कीमत कई गुना बढ़ गई है। अस्पतालों में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। अमेरिका ने कांगो, युगांडा और रवांडा से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है। यात्रियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। चीन ने भी इबोला को लेकर चेतावनी जारी की है। अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जापान ने यात्रा जोखिम चेतावनी जारी करते हुए एयरपोर्ट स्क्रीनिंग और मेडिकल जांच को मजबूत किया है। वहीं फ्रांस ने भी एयरपोर्ट निगरानी और अस्पतालों की तैयारियां बढ़ा दी हैं।
क्या है इबोला वायरस ?
इबोला वायरस डिसीज (EVD) एक गंभीर और कई मामलों में जानलेवा वायरल बीमारी है। यह बीमारी पहली बार साल 1976 में अफ्रीका में सामने आई थी। उस समय सूडान और तत्कालीन जायरे, जिसे अब डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो कहा जाता है, में इसके मामले मिले थे। (Ebola Global Health Emergency)
कैसे फैलता है संक्रमण ?
- संक्रमित व्यक्ति के खून, उल्टी, मल, पेशाब, लार या पसीने के संपर्क से संक्रमण फैलता है।
- संक्रमित कपड़े, बिस्तर, सुई या मेडिकल उपकरण छूने से वायरस फैल सकता है।
- संक्रमित जंगली जानवरों के संपर्क में आने से इबोला का खतरा बढ़ता है।
- अंतिम संस्कार के दौरान संक्रमित शव को छूने से संक्रमण फैल सकता है।
- इबोला फ्लू या कोविड की तरह हवा से आसानी से नहीं फैलता।
कितनी खतरनाक है बीमारी
इबोला वायरस से संक्रमित मरीजों में मृत्यु दर 25% से 90% तक हो सकती है। यह वायरस के स्ट्रेन और इलाज मिलने की गति पर निर्भर करता है। विशेषज्ञों के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से मरीज के बचने की संभावना बढ़ जाती है। भारत सरकार ने स्वास्थ्य एजेंसियों और एयरपोर्ट अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विदेश यात्रा से लौटने वाले लोगों की निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि संक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके। इबोला को लेकर दुनिया भर में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। WHO की ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषणा के बाद भारत समेत कई देश सतर्क हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर पहचान, जांच और सावधानी ही इस खतरनाक वायरस से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। (Ebola Global Health Emergency)



