ईद-उल-अजहा पर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड सख्त, खुले में कुर्बानी पर लगाई रोक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Chhattisgarh Waqf Board: ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को लेकर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए खुले और सार्वजनिक जगहों पर कुर्बानी नहीं करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समाज से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की है। जारी निर्देशों के मुताबिक ईद-उल-अजहा की नमाज 28 मई गुरुवार को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश की मस्जिदों और ईदगाहों में निर्धारित समय के अनुसार अदा की जाएगी। वहीं कुर्बानी की रस्म 28 मई के सूर्योदय से 30 मई के सूर्यास्त तक निभाई जाएगी। वक्फ बोर्ड ने कहा कि कुर्बानी सिर्फ निर्धारित और निजी स्थानों पर ही की जाए।
यह भी पढ़ें:- महंत ने जगतगुरु रामभद्राचार्य को बताया बीजेपी का प्रचारक, टिप्पणी को लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों, सड़कों और खुले क्षेत्रों में कुर्बानी करने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने त्योहार के दौरान साफ-सफाई, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस किया है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि कई बार कुछ लोग कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देते हैं, जिससे दूसरे समुदायों की भावनाएं आहत होती हैं और माहौल खराब हो सकता है। इसे देखते हुए सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साइबर सेल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करने, सड़क पर नमाज अदा करने से बचने और भीड़ अधिक होने की स्थिति में बीते सालों की तरह अलग-अलग शिफ्टों में नमाज की व्यवस्था अपनाने की अपील की। (Chhattisgarh Waqf Board)
अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने दी अलग राय
डॉ. सलीम राज ने कहा कि इस्लाम धर्म सभी धर्मों के प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब ने भी दूसरे धर्मों की आस्था और देश के कानून का सम्मान करने की सीख दी है। उन्होंने मुस्लिम समाज से कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि खून को नालियों में न बहाया जाए और अपशिष्ट पदार्थों को गड्ढा खोदकर दफन किया जाए। इधर, अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने बकरीद पर जीवित जानवरों की कुर्बानी के बजाय प्रतीकात्मक रूप से केक काटकर त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में पशुबलि और कुछ जानवरों की कुर्बानी को लेकर नियम बनाए गए हैं। साथ ही लोगों में पर्यावरण और पशु संरक्षण को लेकर जागरूकता भी बढ़ रही है। (Chhattisgarh Waqf Board)
प्रशासन और वक्फ बोर्ड की अपील
डॉ. मिश्र ने कहा कि कुर्बानी का वास्तविक अर्थ त्याग और सेवा है। जरूरतमंदों की मदद, गरीबों को कपड़े, दवाइयां और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देकर भी त्योहार की भावना को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने महात्मा बुद्ध और भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी जीव को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। वक्फ बोर्ड और प्रशासन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि ईद-उल-अजहा का त्योहार आपसी भाईचारे, अमन और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ मनाएं, ताकि प्रदेश में शांति और सद्भाव बना रहे। ईद-उल-अजहा को लेकर छत्तीसगढ़ में इस बार प्रशासन और वक्फ बोर्ड दोनों पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। खुले में कुर्बानी पर रोक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और साफ-सफाई को लेकर जारी निर्देशों के बीच अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो। फिलहाल प्रशासन ने प्रदेशवासियों से भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।



