Google Analytics —— Meta Pixel

कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक बदलाव, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं अगले CM

CM Siddaramaiah Resigns: कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर यह फैसला लिया है। इस दौरान उनके साथ डिप्टी CM डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे। CM सिद्धारमैया ने कहा कि मैंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी हाईकमान जब भी कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। कल आलाकमान ने कहा और आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को सौंप दिया है। राज्यपाल फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं।

यह भी पढ़ें:- सरगुजा में विधायक-नायब तहसीलदार विवाद पर गरमाई सियासत, डिप्टी CM बोले- जांच के बाद सामने आएगा सच, विधायक टोप्पो ने भी दी सफाई

अब माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही डीके शिवकुमार को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित कर सकता है। शुक्रवार को होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। सिद्धारमैया का इस्तीफा लंबे समय से चर्चा में रहे ‘ढाई-ढाई साल’ के मुख्यमंत्री फॉर्मूले का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस समझौते को कभी आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा लगातार बनी रही। इस्तीफा देने से पहले सिद्धारमैया ने अपने आवास पर मंत्रियों के साथ अहम बैठक की। बैठक के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया, जिसे सत्ता हस्तांतरण के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

इस्तीफे के बाद दिल्ली रवाना हुए सिद्धारमैया

मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद सिद्धारमैया दिल्ली रवाना हो गए, जहां वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने मुझे राज्यसभा जाने के लिए कहा था, लेकिन मैंने मना कर दिया। मैं सक्रिय राजनीति में बना रहूंगा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी ने 224 में से 135 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया था। इस जीत में कांग्रेस के AHINDA सामाजिक समीकरण की बड़ी भूमिका रही। AHINDA का मतलब है, A- अल्पसंख्यक, HI- हिंदुलिदा (पिछड़ा वर्ग) और DA- दलित। (CM Siddaramaiah Resigns)

सिद्धारमैया खुद ओबीसी वर्ग की कुरुबा जाति से आते हैं, जिसके कारण पिछड़े वर्ग का बड़ा समर्थन कांग्रेस को मिला। दूसरी ओर डीके शिवकुमार को लिंगायत और वोक्कालिगा समुदायों का मजबूत समर्थन प्राप्त था। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लंबी खींचतान चली। दोनों नेता अपने-अपने समर्थन का दावा कर रहे थे। आलाकमान को अंतिम फैसला लेने में लगभग सात दिन लग गए थे और आखिरकार 20 मई 2023 को सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि डीके शिवकुमार को डिप्टी CM बनाया गया। उस समय भी खबरें आई थी कि दोनों नेताओं के बीच ‘ढाई-ढाई साल’ के फॉर्मूले पर सहमति बनी है। (CM Siddaramaiah Resigns)

नवंबर 2025 से फिर तेज हुई थी सियासी हलचल

सिद्धारमैया सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद नवंबर 2025 में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थी। डीके शिवकुमार समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग करने लगे थे। इस मुद्दे पर दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ कई दौर की बैठकों का सिलसिला चला। हालांकि 21 नवंबर 2025 को डीके शिवकुमार ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि सिद्धारमैया पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इसके बावजूद अंदरखाने नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं जारी रही। इस बीच 26 मई को कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल के साथ लगातार कई दौर की बैठकें हुईं। सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया शुरुआत में पद छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने अपने समर्थक विधायकों के साथ अलग होने की चेतावनी भी दी थी। बताया गया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने और संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। (CM Siddaramaiah Resigns)

27 मई को सिद्धारमैया ने संकेत दिया कि वे अगले दिन बड़ा फैसला करेंगे। इसके लिए उन्होंने कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक भी बुलाई। 28 मई को उन्होंने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान पिछले कुछ महीनों से सरकार के खिलाफ बढ़ती नाराजगी और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चिंतित था। विशेष रूप से वाल्मीकि डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन घोटाले ने सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि समय रहते नेतृत्व परिवर्तन करने से सरकार के खिलाफ बन रही एंटी-इंकम्बेंसी को कम किया जा सकता है और 2028 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नया संदेश दिया जा सकता है। अब सबकी नजरें कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी हैं, जहां डीके शिवकुमार के नाम पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में नया अध्याय शुरू होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!