Google Analytics —— Meta Pixel

सरगुजा में विधायक-नायब तहसीलदार विवाद पर गरमाई सियासत, डिप्टी CM बोले- जांच के बाद सामने आएगा सच, विधायक टोप्पो ने भी दी सफाई

MLA Naib Tehsildar Dispute: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच विवाद अब बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा बन गया है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट का आरोप लगा है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से FIR दर्ज की गई है। वहीं इस पूरे विवाद को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। मामले को लेकर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होगी और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पहले से जज बनने का काम न करें। साव ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- सीतापुर विधायक और नायब तहसीलदार विवाद ने पकड़ा राजनीतिक तूल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

विवाद को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि जब से नायब तहसीलदार राजापुर में पदस्थ हुए हैं, तब से जनता, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसकी जानकारी प्रशासनिक स्तर पर भी दी गई थी। विधायक ने बताया कि उनकी बहन 14 मई से लंबित एक प्रकरण को लेकर उप तहसील कार्यालय गई थी। वहां नायब तहसीलदार ने उनके साथ बदसलूकी की। इसी बात को लेकर कार्यकर्ता और स्थानीय लोग नाराज हो गए थे। रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वहां जनता का आक्रोश था। बाद में नायब तहसीलदार और एसडीएम मौके पर पहुंचे। इसके बाद जो घटना हुई, उसी को लेकर उनके ऊपर मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की मारपीट नहीं की है और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। विधायक ने कहा कि जांच के बाद पूरा सच सामने आ जाएगा।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी अपने पति से जुड़े पैरोल प्रकरण के दस्तावेजों के लिए राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंची थी। आरोप है कि कई दिनों से फाइल लंबित थी और अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगवा रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उन्होंने विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर जानकारी दी। देखते ही देखते वहां विधायक समर्थक और स्थानीय लोग जुट गए। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और शासकीय कार्य में बाधा डाली। वहीं विधायक पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है। (MLA Naib Tehsildar Dispute)

विधायक समेत 10 लोगों पर FIR

नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। मामले में काउंटर FIR के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना को भाजपाइयों की गुंडागर्दी बताते हुए सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या भाजपा विधायक पर कार्रवाई होगी या नहीं। (MLA Naib Tehsildar Dispute)

जानिए कौन हैं विधायक रामकुमार टोप्पो ?

बता दें कि रामकुमार टोप्पो राजनीति में आने से पहले भारतीय सेना में जवान रह चुके हैं। सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में सीतापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उनके समर्थन में सरगुजा पहुंचे थे। रामकुमार टोप्पो ने चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को बड़े अंतर से हराया था। विधायक बनने के बाद वे विधानसभा में लगातार अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। फिलहाल विधायक और नायब तहसीलदार विवाद ने प्रशासनिक गलियारों के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में भी हलचल मचा दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!