आंधी-तूफान का कहर : पुल निर्माण के दौरान स्लैब गिरने से 5 मजदूरों की मौत, कई दबे होने की आशंका
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में आज शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन कंडौर-मोराकांदर पुल का हिस्सा तेज आंधी-तूफान के दौरान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में अब तक 5 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान पुल निर्माण में लगी सटरिंग, स्लैब और कोठी का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। SDRF की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। मलबा हटाने के लिए क्रेन और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल पर एसडीएम, सीओ सहित कई थानों की पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास लगातार जारी है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



