Google Analytics —— Meta Pixel

“बचत सिर्फ जनता ही क्यों करे?”… धीरेंद्र शास्त्री ने नेताओं के खर्चों पर उठाए सवाल, बोले – नेताओं की सैलरी काटो…

Pandit Dhirendra Shastri News : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह देश की आर्थिक स्थिति, ईंधन की खपत और नेताओं के खर्चों को लेकर बेबाक अंदाज में अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जब भी पेट्रोल-डीजल बचाने या संसाधनों के संरक्षण की बात होती है, तो आम जनता से ही त्याग और बचत करने की अपील की जाती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि नेताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले चार्टर्ड प्लेन पर रोक लगाने की बात क्यों नहीं होती, जबकि सबसे अधिक ईंधन की खपत इन्हीं विमानों में होती है।

उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और रुपए की गिरती कीमत को संभालने के लिए नेताओं को भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने सुझाव दिया कि कम से कम तीन महीने के लिए नेताओं की सैलरी बंद या कम कर दी जानी चाहिए, ताकि जनता के बीच यह संदेश जाए कि देशहित में सभी वर्ग समान रूप से योगदान दे रहे हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संकट या बचत का बोझ केवल आम लोगों पर नहीं डाला जाना चाहिए। जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को भी उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। अपने चुटीले अंदाज में उन्होंने कहा, “भारत का रुपया कमजोर हो रहा है, उसे मजबूत करो… अब सब आम जनता ही करे क्या?” (Pandit Dhirendra Shastri News)

उनके इस बयान पर कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर समर्थन जताया। वहीं वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे आम जनता की भावना से जुड़ा बयान बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे व्यवस्था पर तंज के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। (Pandit Dhirendra Shastri News)

यह भी पढ़े :- आंधी-तूफान का कहर : पुल निर्माण के दौरान स्लैब गिरने से 5 मजदूरों की मौत, कई दबे होने की आशंका

Back to top button
error: Content is protected !!