कर्नाटक CM सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर, डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री, 4 डिप्टी CM बनाए जाने की चर्चा

Karnataka New CM Shivakumar: कर्नाटक CM सिद्धारमैया के इस्तीफे को आखिरकार राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को बेंगलुरु लौटे राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया। इसके साथ ही कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रहा नेतृत्व संघर्ष समाप्त होता दिखाई दे रहा है। अब मौजूदा डिप्टी डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम अगले हफ्ते आयोजित हो सकता है। तब तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इस्तीफा मंजूर होने के बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंच गए हैं, जहां वे कांग्रेस नेतृत्व के साथ नई कैबिनेट और मंत्रियों के नामों पर अंतिम चर्चा करेंगे। बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिवों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- “बचत सिर्फ जनता ही क्यों करे?”… धीरेंद्र शास्त्री ने नेताओं के खर्चों पर उठाए सवाल, बोले – नेताओं की सैलरी काटो…
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि पूरी कैबिनेट में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पार्टी राज्य में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए चार डिप्टी CM नियुक्त कर सकती है। माना जा रहा है कि यह कदम वोक्कालिगा, कुरुबा, दलित, मुस्लिम और लिंगायत समुदायों के बीच संतुलन बनाने की रणनीति का हिस्सा है। सूत्रों का कहना है कि नई सरकार में करीब 10 से 25 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि 15 से 20 नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। कांग्रेस नेतृत्व राज्य में बढ़ती एंटी-इंकम्बेंसी को कम करने के लिए नेतृत्व परिवर्तन को जरूरी मान रहा है। इस्तीफे से पहले बेंगलुरु में सिद्धारमैया के आवास पर हुई एक खास मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरी। डीके शिवकुमार सुबह उनके घर पहुंचे और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सिद्धारमैया ने उन्हें गले लगाया और दोनों नेताओं ने साथ बैठकर नाश्ता किया।
खड़गे और सिद्धारमैया परिवार को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
नई कैबिनेट में कई बड़े राजनीतिक परिवारों की भूमिका बढ़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। उन्हें अहम विभाग देकर सिद्धारमैया की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकेत दिया जा सकता है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियंक खड़गे को डिप्टी CM बनाए जाने की भी चर्चा है। इससे कांग्रेस दलित नेतृत्व को मजबूत संदेश देना चाहती है। इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संसद के ऊपरी सदन में भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि वे विधायक के रूप में सक्रिय राजनीति जारी रखेंगे। (Karnataka New CM Shivakumar)
तीन साल की खींचतान आखिर तीन दिन में खत्म
कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता परिवर्तन की पटकथा पिछले तीन सालों से लिखी जा रही थी, लेकिन अंतिम फैसला तीन दिनों के भीतर हुआ। 26 मई को कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल के साथ कई दौर की बैठकें हुईं। सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया शुरुआत में पद छोड़ने के पक्ष में नहीं थे। 27 मई को सिद्धारमैया ने संकेत दिया कि वे अगले दिन बड़ा ऐलान करेंगे। उन्होंने मंत्रियों के साथ बैठक भी की। 28 मई को उन्होंने आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उस समय राज्यपाल शहर में मौजूद नहीं थे, इसलिए इस्तीफा तुरंत मंजूर नहीं हो पाया था। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि वाल्मीकि डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन घोटाले समेत कई विवादों के कारण सरकार की छवि प्रभावित हुई है। पार्टी को डर था कि यदि समय रहते नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया गया तो आगामी चुनावों में नुकसान हो सकता है। इसलिए संगठन ने सत्ता परिवर्तन का फैसला लिया। (Karnataka New CM Shivakumar)
डीके शिवकुमार के नेतृत्व में बदलेगा सत्ता संतुलन
डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं, जिसकी कर्नाटक में लगभग 12% आबादी मानी जाती है। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद दक्षिण कर्नाटक और वोक्कालिगा नेताओं का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। साथ ही कांग्रेस अब दलित, ओबीसी, मुस्लिम और लिंगायत नेताओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देकर भाजपा के सामाजिक समीकरण को चुनौती देने की रणनीति बना रही है। सिद्धारमैया मंत्रिमंडल में कुल 34 मंत्री थे। इनमें 10 लिंगायत समुदाय, 4 वोक्कालिगा, 3 कुरुबा, 6 अनुसूचित जाति, 3 अनुसूचित जनजाति, 2 मुस्लिम समुदाय और 6 अन्य समुदायों से थे। अब डीके सरकार में इन समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कौन हैं डीके शिवकुमार ?
डीके शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं और पार्टी के भीतर उन्हें एक मजबूत संगठनकर्ता और संकटमोचक की छवि वाले नेता के रूप में देखा जाता है। वे वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं और लंबे समय से कांग्रेस की रणनीतिक राजनीति का अहम चेहरा रहे हैं। विधायकों को टूटने से बचाने, चुनावी प्रबंधन संभालने और राजनीतिक संकट के समय पार्टी को एकजुट रखने में उनकी विशेष भूमिका रही है। डीके शिवकुमार ने 1989 में पहली बार विधायक के रूप में राजनीति में कदम रखा। इसके बाद 1999 में वे मंत्री बने और 2004 में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। 2020 में उन्हें कर्नाटक कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, जबकि 2023 में वे पहली बार राज्य के डिप्टी CM बने। राजनीतिक प्रभाव के साथ-साथ डीके शिवकुमार अपनी अपार संपत्ति और विवादों को लेकर भी लगातार चर्चा में रहे हैं।
1400 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति
चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास 1400 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है, जिसके कारण उन्हें देश के सबसे अमीर नेताओं में गिना जाता है। रियल एस्टेट, होटल और खनन कारोबार से भी उनका जुड़ाव बताया जाता है। हालांकि उनका राजनीतिक करियर विवादों से भी घिरा रहा है। उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और आय से ज्यादा संपत्ति के मामले दर्ज हैं। 2019 में ED ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें करीब 50 दिन तक तिहाड़ जेल में रहना पड़ा था। बावजूद इसके कांग्रेस नेतृत्व का उन पर भरोसा लगातार बना रहा और अब वे कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इधर, दिल्ली रवाना हुए सिद्धारमैया का चार्टर्ड विमान भी चर्चा में रहा। गुरुवार शाम बेंगलुरु से दिल्ली जा रहा विमान खराब मौसम और भारी बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। इसके बाद विमान को जयपुर डायवर्ट किया गया। विमान में सिद्धारमैया समेत कांग्रेस के छह वरिष्ठ नेता सवार थे। बाद में विमान सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
नई कैबिनेट और डिप्टी CM चेहरों पर नजर
अब सबसे बड़ा सवाल नई कैबिनेट और डिप्टी CM चेहरों को लेकर है। कांग्रेस नेतृत्व अगले कुछ दिनों में अंतिम फैसला करेगा। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो अगले सप्ताह डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का नया अध्याय शुरू होगा। कर्नाटक की राजनीति में डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि कांग्रेस की नई राजनीतिक रणनीति का संकेत माना जा रहा है। संगठन पर मजबूत पकड़, चुनावी प्रबंधन की क्षमता और सत्ता संतुलन साधने की कला ने उन्हें पार्टी का सबसे भरोसेमंद चेहरा बनाया है। हालांकि उनके सामने सरकार को स्थिर रखना, अलग-अलग गुटों को साथ लेकर चलना और विवादों से घिरी छवि से बाहर निकलना बड़ी चुनौती होगी। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद डीके शिवकुमार कर्नाटक में कांग्रेस को कितनी मजबूती दे पाते हैं और आगामी चुनावों में पार्टी के लिए कितना बड़ा राजनीतिक लाभ साबित होते हैं।



