Google Analytics —— Meta Pixel

एशियन गेम्स ट्रायल में उतरेंगी विनेश फोगाट, सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत

Vinesh Phogat: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखते हुए 30 और 31 मई को होने वाले ट्रायल में शामिल होने की इजाजत दे दी है। वहीं, रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की याचिका पर नोटिस जारी कर मामले की अगली सुनवाई 1 जून को तय की गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि ट्रायल बेहद नजदीक हैं, इसलिए फिलहाल विनेश फोगाट को रोकना उचित नहीं होगा। हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के आदेश और खिलाड़ी की मांग को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब देना होगा।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा, “विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) कोई साधारण एथलीट नहीं हैं। उन्होंने देश के लिए कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन देश पहले है।” कोर्ट ने यह भी कहा कि खिलाड़ी की ओर से दिए गए कुछ स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए हैं।

दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दी थी, जिसके खिलाफ Wrestling Federation of India ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

सुनवाई के दौरान विनेश फोगाट की ओर से पेश वकील ने अदालत से कहा कि वह केवल ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मांग रही हैं। उन्होंने दलील दी कि “एक महिला खिलाड़ी, जो एक साल पहले मां बनी है, सिर्फ इतना चाहती है कि उसे ट्रायल में भाग लेने दिया जाए।”

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 14 दिसंबर 2024 के बाद खिलाड़ी ने ब्रेक लिया, मां बनीं, डोपिंग टेस्ट में हिस्सा नहीं लिया और अपनी लोकेशन की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई। अदालत ने कहा कि बाद में विधानसभा की कार्यवाही में व्यस्त होने का कारण बताया गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने उस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विनेश फोगाट के लिए एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में उतरने का रास्ता साफ हो गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!