Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में जहरीली शराब पीने से 24 घंटे में 18 लोगों की मौत !, मेथेनॉल मिलाने की आशंका, 8 गिरफ्तार

Death Due to Poisonous Liquor: महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से 24 घंटे के भीतर 18 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में शराब में मेथेनॉल जैसे खतरनाक केमिकल की मिलावट की आशंका जताई गई है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस, आबकारी विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। राज्य सरकार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। पिंपरी-चिंचवड़ में 13, पुणे में 5 मौतें हुई हैं।पुणे शहर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में हडपसर इलाके में 4 मौतों की पुष्टि हुई है, जबकि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के मुताबिक फुगेवाड़ी, दापोडी और आसपास के इलाकों में 7 से 8 लोगों की मौत हुई है। कई अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें:- भीषण गर्मी से वन्यजीवों पर संकट, खैरागढ़ में 15 वन्यजीव और पक्षियों की मौत

पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें अवैध देसी शराब की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भी शामिल है। आबकारी विभाग के मुताबिक योगेश वानखेडे नाम का शख्स फुगेवाड़ी और हडपसर इलाके में शराब की सप्लाई करता था। उसके खिलाफ दापोडी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के DCP संदीप अटोले ने बताया कि शुरुआती जांच में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस और आबकारी विभाग मामले की गहन जांच कर रहे हैं। पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होगी। उन्होंने कहा कि मृतकों को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के दौरान शराब सेवन की बात सामने आई थी।

कमिश्नर के मुताबिक शहर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है और अब तक 1000 से ज्यादा रेड की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित हाथ भट्टी की जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हुई है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज NCP कार्यकर्ताओं ने उस दुकान में तोड़फोड़ कर दी, जहां कथित तौर पर अवैध शराब बेची जा रही थी। NCP-SCP नेता रोहित पवार हडपसर पुलिस स्टेशन पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। (Death Due to Poisonous Liquor)

रोहित पवार ने कहा कि हडपसर में जो 5 मौते हुईं हैं उस पर अभी तक सफाई नहीं आई है तो हमारा डायरेट प्रश्न ये हैं कि पुणे का पुलिस विभाग अभी तक क्या कर रहा है मैं सरकारी अस्पताल गया था, लेकिन हमें अधिकारी ने जानकारी देने से मना कर दिया या गोपनीय जानकारी बोला। हमने हमारे लेवल पर जानकारी निकाली, जिसमें पता चला कि 1 व्यक्ति मृत लाया गया था और बाकि 4 की वहां पर इलाज के दौरान मौत हो गया। इनके मौत का कारण शराब है। इस पर जल्द-जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। शिवसेना UBT नेता आनंद दुबे ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण खबर है कि जहरीली शराब पीने से 10 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो गई है, कई अन्य बीमार हो गए हैं। ये साफ-साफ दिखाता है कि महाराष्ट्र में जंगल राज कितना हावी हो गया है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। अपराधी धड़ल्ले से शराब बना रहे हैं और बेच रहे हैं। हमारा राज्य कहां जा रहा है? किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है। माफिया खुलेआम शराब बेच रहे हैं, पुलिस का डर नहीं है। 

CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश

भाजपा नेता शंकर जगताप ने कहा कि यह दुर्घटना बहुत भयानक थी। हमने इसका जायजा लिया है। यह पता चला है कि 10 से 12 लोगों की मौत हुई है। इस शराब में कोई केमिकल मिक्स किया गया था। हमारे विभाग में 6 लोगों पर कार्रवाई हुई है। इन 6 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है, जितने लोग इसमें शामिल है, उन सभी की गिरफ्तारी होगी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जांच के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार ने पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। (Death Due to Poisonous Liquor)

क्या होती है मेथेनॉल, क्यों है जानलेवा ?

मेथेनॉल एक औद्योगिक केमिकल है, जिसका उपयोग पेंट, सॉल्वेंट और ईंधन में किया जाता है। यह पीने योग्य नहीं होता। अवैध शराब बनाने वाले लागत कम करने और मात्रा बढ़ाने के लिए इसमें मेथेनॉल मिला देते हैं। शरीर में पहुंचने के बाद मेथेनॉल फॉर्मिक एसिड में बदल जाता है, जो आंखों, दिमाग, किडनी और नर्वस सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। थोड़ी मात्रा भी इंसान की जान ले सकती है। जहरीली शराब पीने के बाद सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, पेट दर्द, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में दिक्कत और बेहोशी जैसे लक्षण दिखते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक 10 मिलीलीटर मेथेनॉल भी आंखों की रोशनी छीन सकती है, जबकि 30 मिलीलीटर या उससे ज्यादा मात्रा कई मामलों में जानलेवा साबित होती है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब कहां तैयार की गई थी और इसमें किस स्तर पर केमिकल मिलाया गया। जांच एजेंसियां अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!