Rules Change from 1st June : 1 जून से महंगाई या राहत? जानिए कौन-कौन से नियम बदलने जा रहे हैं

Rules Change from 1st June : मई का महीना खत्म होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और 1 जून से देशभर में कई महत्वपूर्ण बदलाव (Rules Change from 1st June) लागू होने जा रहे हैं। इन नए नियमों का सीधा असर आम लोगों की जेब, बैंकिंग व्यवस्था, यात्रा और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। इनमें LPG गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर PAN कार्ड, ATM ट्रांजैक्शन, ट्रेन सेवाओं और सोलर पैनल नियमों तक कई अहम बदलाव शामिल हैं।
LPG सिलेंडर के दामों में हो सकता है बदलाव
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG गैस सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा करती हैं। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच 1 जून को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के नए रेट जारी किए जाएंगे। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी या महंगाई बढ़ेगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव
सरकार ने PAN कार्ड से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया है। अब एक दिन में 50 हजार रुपये से अधिक नकद जमा करने पर PAN कार्ड देना जरूरी नहीं होगा। हालांकि, यदि किसी व्यक्ति के सभी बैंक खातों में एक वित्तीय वर्ष के दौरान कुल नकद जमा या निकासी 10 लाख रुपये से अधिक होती है, तब PAN विवरण देना अनिवार्य होगा।
वहीं, प्रॉपर्टी लेन-देन में नियम और सख्त किए गए हैं। अब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति खरीद-बिक्री में PAN जरूरी होगा, जबकि 45 लाख रुपये से अधिक के सौदों में PAN दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, सालभर में 10 लाख रुपये से अधिक नकद निकासी की निगरानी भी की जाएगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि PAN कार्ड नहीं होने की स्थिति में पुराना ‘Form 60’ मान्य नहीं होगा। इसकी जगह अब नया ‘Form 97’ लागू किया जाएगा।
जून में कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
भारतीय रेलवे जून महीने में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रैक अपग्रेडेशन कार्य शुरू करने जा रहा है। इसके चलते करीब 77 ट्रेनों को रद्द किए जाने की संभावना है, जबकि कई ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव किया जा सकता है।
इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस और टाइम-टेबल जांचने की सलाह दी है।
ATM और बैंकिंग नियमों में बदलाव संभव
देश के कई बैंकों ने ATM ट्रांजैक्शन पॉलिसी और कैश निकासी लिमिट में बदलाव किए हैं। जून से कुछ और बदलाव लागू हो सकते हैं।
HDFC बैंक ने UPI ATM से कैश निकासी को फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल किया है, जबकि पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड पर दैनिक कैश निकासी सीमा घटा दी है।
इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आगामी मौद्रिक नीति और बाजार की लिक्विडिटी स्थिति को देखते हुए बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में भी बदलाव कर सकते हैं। ग्राहकों को ATM चार्ज, कैश निकासी लिमिट और FD दरों से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
सोलर पैनल को लेकर नया नियम लागू
1 जून से ‘Approved List of Models and Manufacturers’ (ALMM) से जुड़े नए नियम भी लागू होने जा रहे हैं। नए नियमों के तहत सरकारी सहायता प्राप्त परियोजनाओं, नेट-मीटरिंग इंस्टॉलेशन और सब्सिडी आधारित योजनाओं में केवल ALMM सूची-I और सूची-II में शामिल सोलर मॉड्यूल और सेल का ही उपयोग किया जा सकेगा।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि 1 जून के बाद ALMM सूची-II से जुड़े नियमों में सामान्य छूट नहीं दी जाएगी। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में राहत पर विचार किया जा सकता है।
उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इन नियमों से शुरुआती दौर में सोलर पैनलों की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इससे घरेलू उत्पादन और गुणवत्ता मानकों को मजबूती मिलेगी। (Rules Change from 1st June)
यह भी पढ़े :- कर्नाटक से छत्तीसगढ़ तक सियासी घमासान, ‘ढाई-ढाई साल’ वाले फॉर्मूले पर फिर छिड़ी जंग



