कर्नाटक से छत्तीसगढ़ तक सियासी घमासान, ‘ढाई-ढाई साल’ वाले फॉर्मूले पर फिर छिड़ी जंग

TS Baba Controversy: कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव का जिक्र किया। साथ ही लिखा कि ढाई-ढाई साल के फार्मूले के नाम पर टीएस बाबा के साथ धोखा और अन्याय हुआ। पोस्ट के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर निशाना साधते हुए ढाई-ढाई साल वाली पुरानी सत्ता साझेदारी विवाद को फिर हवा दे दी है। अब इस पोस्ट को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राजनीतिक सत्ता लोलुपता में टीएस सिंहदेव-भूपेश बघेल की जय-बीरू की जोड़ी ने आपसी लड़ाई लड़ी, वीरू ने जय को धोखा दे दिया, आखिरी वक्त में एक विभाग से टीएस सिंहदेव को इस्तीफा भी देना पड़ा, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता और कांग्रेस को भुगतनी पड़ी। इसीलिए प्रदेश की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया।
यह भी पढ़ें:- कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल, DK शिवकुमार की ताजपोशी तय
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि टीएस बाबा का भाग्य खराब है। कांग्रेस उन्हें बड़े पद में नहीं देखना चाहती। टीएस बाबा के साथ कांग्रेस ने छलावा किया। कांग्रेस ने छग में ढाई ढाई साल फार्मूले को सीरियस नहीं लिया। कांग्रेस ने टीएस बाबा को लॉलीपॉप दे दिया। भगवान उनका साथ दे और अब वह कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बने। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हाईकमान के किसी भी निर्णय पर कोई भी अनुशासित सिपाही सवाल नहीं उठाएगा। बीजेपी का काम ही नफरत फैलाना है, जिस दिन मैं मुख्यमंत्री बना, उसी दिन से सवाल हो रहा था कि आप ढाई साल में हटने वाले हैं। मेरा एक ही जवाब था, जिस दिन हाईकमान कहेगा उस दिन त्यागपत्र दे दूंगा। पांच साल बीत जाने के बाद भी हाईकमान का मुझे ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि पार्टी हाईकमान तय करता है कि किसे कौन-सी जिम्मेदारी देनी है। महासचिव बनाया गया है तो वो काम कर रहा हूं। बीजेपी की जबरदस्ती भ्रम फैलाने की कोशिश है। (TS Baba Controversy)

वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी पहले अपना देखे, गुजरात में रातों रात मंत्रिमंडल बदल दिए। कई राज्यों में ऐसा हुआ, बिहार में सीएम की कुर्सी तक चुरा लिए। छत्तीसगढ़ में बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर समेत अन्य का क्या हाल है, सब जानते हैं। वहीं पुरंदर मिश्रा के बयान पर कहा कि अब कबसे ये भाग्य रेखा देखने लगे, टीएस बाबा का भाग्य अच्छा है। ये नेता पहले अपना भाग्य देख लें, ठगी का शिकार हो रहे। पुरंदर मिश्रा अपना भाग्य देख लें, सरकार से सावधान रहें, ताकि आगे लूट का शिकार नहीं हो। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बहाने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और बीजेपी के बीच पुराना ‘ढाई-ढाई साल’ वाला विवाद एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। दोनों दलों के नेताओं के लगातार बयान आने से प्रदेश की सियासत और गर्माने लगी है। बीजेपी जहां इसे कांग्रेस के भीतर विश्वासघात और सत्ता संघर्ष का उदाहरण बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे बीजेपी की राजनीतिक बयानबाजी और ध्यान भटकाने की कोशिश करार दे रही है।



