कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल, DK शिवकुमार की ताजपोशी तय
Karnataka Congress Meeting: कर्नाटक की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से पूरी हो गई है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। सिद्धारमैया ने 28 मई 2026 को कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद अपने पद से इस्तीफा सौंपा था। राजभवन की ओर से इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद अब राज्य में नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। कल (30 मई) शाम 4 बजे कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है। KPCC अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कल हमारे केंद्रीय नेताओं को आना है। हमने सभी विधायकों से बेंगलुरु में मौजूद रहने को कहा है। बता दें कि डिप्टी CM और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें:- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर सियासत तेज, बीजेपी बोली- सत्ता संघर्ष में उलझी पार्टी
इस्तीफा देने के बाद CM सिद्धारमैया कल अपने कार्यकाल के बारे में बात करते हुए भावुक हो गए थे। साथ ही कहा था कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के निर्देश का सम्मान करते हुए पद छोड़ा है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर देने के लिए वे हमेशा पार्टी के ऋणी रहेंगे। सिद्धारमैया ने कहा था कि उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने मुझे प्यार दिया, जब मैं 2013 से 2018 तक दो बार मुख्यमंत्री रहा। 2013 से लेकर आज तक इस दौरान मेरे साथ काम करने वाले मेरे सहयोगियों ने मेरे प्रति हर तरह का समर्थन, सहयोग और प्यार दिखाया है। मैं उनका दोस्त हूं, मैं एक गाँव से आता हूं। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं MLA, मंत्री या मुख्यमंत्री बनूंगा। मैं तो इत्तेफाक से राजनीति में आ गया, क्योंकि मेरे परिवार में कोई भी राजनीति में नहीं था। (Karnataka Congress Meeting)
इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 10 जनपथ पर मुलाकात की। साथ ही ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में मैंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और चर्चा की। इस दौरान विधायक के.जे. जॉर्ज, प्रियांक खड़गे और डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया मेरे साथ थे। कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सिद्धारमैया राहुल गांधी से मिले। यह एक बहुत ही सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी और उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। सिद्धारमैया के बारे में कर्नाटक के पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि वे हमारे साथ रहेंगे और हमारा मार्गदर्शन करेंगे। 2028 के चुनाव भी उन्हीं के मार्गदर्शन में होंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल पर उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा कल होगी। (Karnataka Congress Meeting)
इधर, डीके शिवकुमार लगातार दिल्ली और बेंगलुरु में पार्टी नेतृत्व के साथ बैठकों में व्यस्त हैं। उनके आवास के बाहर समर्थकों ने पोस्टर भी लगाए हैं। डीके शिवकुमार ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। वहीं कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला भी बेंगलुरु पहुंच रहे हैं। कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने कहा कि कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहे नेताओं में से एक सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा दे दिया है। सभी विधायकों के लिए यह एक दुखद दिन है। पहले दिन से ही वह यह कहते आ रहे थे कि जिस दिन पार्टी आलाकमान उनसे इस्तीफा देने को कहेगा, वह ऐसा कर देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनसे कहा कि नए मुख्यमंत्री के लिए जगह बनाने के लिए उन्हें इस्तीफा देना होगा। बिना किसी हिचकिचाहट के उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी पार्टी में जो फैसला होता है तो इसमें फेलियर किस बात की। इसका मतलब नीतीश कुमार फेलियर है। 20 साल से जिनकी जगह सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस का अपना एक आंतरिक व्यवस्था है, लेकिन सिद्धारमैया के प्रति मेरा सम्मान और बढ़ गया है। सत्ता का इतना सुचारू हस्तांतरण शायद ही कभी देखने को मिलता है। नेता आमतौर पर अपने पद नहीं छोड़ते। सिद्धारमैया एक सच्चे नेता हैं, जनता के नेता हैं। जब कांग्रेस पार्टी ने आदेश दिया तो उन्होंने पद छोड़ दिया। भारतीय राजनीति में मैंने ऐसा बहुत कम ही देखा है। शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार है। (Karnataka Congress Meeting)
उन्होंने आगे कहा कि वहां पर 2023 में जब नतीजे आए थे तो ये कहा गया था कि 2.5-2.5 साल के लिए दो मुख्यमंत्री होंगे। अब सिद्धारमैया के कार्यकाल के 2.5 साल पूरे हो चुके हैं तो स्वाभाविक है कि राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा, जो हैं डी.के. शिवकुमार। दोनों ही बड़े नेता हैं। दोनों ही नेताओं के बीच समन्वय बनाकर कांग्रेस प्रेम और समझौते के साथ चल रही है। ये बहुत खुशी की बात है। बदलाव तो आज की आवश्यकता है। ये परिवर्तन होना चाहिए। RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि अस्थिर होने का कोई कारण नहीं दिख रहा। इतना निर्बाध पारगमन तो मैंने हाल के दिनों में कहीं नहीं देखा। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में भी नहीं देखा। कोई अगर पार्टी में कुछ बात करने दिल्ली आए तो इस पर कहानियां बनती है। मैं इसमें और कुछ नहीं देखता। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन को शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से पूरा करना चाहता है, ताकि सरकार और संगठन दोनों में संतुलन बना रहे।



