कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर सियासत तेज, बीजेपी बोली- सत्ता संघर्ष में उलझी पार्टी

Politics Regarding Karnataka: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की अंदरूनी कलह, परिवारवाद और नेतृत्व संकट का नतीजा बताते हुए कहा कि पार्टी सत्ता संघर्ष में उलझ चुकी है। भाजपा नेताओं का दावा है कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार अस्थिर है और आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर विरोध और बढ़ेगा। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों राजनीतिक रूप से एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी तो रहे हैं, लेकिन लूट-खसोट के मामले में भी प्रतिद्वंद्वी रहे हैं। भ्रष्टाचार के आरोप दोनों पर लगे हैं। आज जो बदलाव हुआ है, वो सहज बदलाव नहीं है। डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया आपस में लड़ने लगते हैं तो ये निश्चित हो जाता है कि कांग्रेस की सरकार गिरने वाली है। ये अप्रत्यक्ष रूप से राहुल गांधी के नेतृत्व के खिलाफ विरोध है।
भाजपा सांसद शर्मा ने आगे कहा कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों महारथी हैं, अलग-अलग कृत्यों में इनके नाम उछले हैं। भ्रष्टाचार के तमाम आरोप इन पर रहे हैं। कांग्रेस के मूल कार्यकर्ता से अलग हटकर इनको कर्नाटक में थोपा गया। कांग्रेस विघटन की तरफ बढ़ रही है। ये सामान्य परिवर्तन नहीं दिख रहा है। कुछ दिनों में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति बढ़ता हुआ विद्रोह दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जबरदस्त असंतोष राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर चल रहा है। मैं समझता हूं कि कांग्रेस आज राजनीतिक क्षितिज पर शून्यता की तरफ बढ़ रही है। भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद से बाहर नहीं आ पाई है। परिवारवाद वाली पार्टियों में ये समस्या रहती ही है। ऐसी पार्टियों में सच्चे लोगों की राजनीतिक हत्या होती है, जिस तरह से जबरदस्ती इस्तीफा दिलवाया गया है। सिद्धारमैया ने राज्यसभा का प्रस्ताव ठुकरा दिया है, इससे लगता है कि कर्नाटक के हालात ठीक नहीं हैं।
कर्नाटक में कांग्रेस की हालत बहुत खराब: मनन कुमार
भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की हालत बहुत खराब है। सच्चाई यह है कि वहां कांग्रेस कई टुकड़ों में बंट गई है और यह धीरे से सतह पर आएगा। वहां कांग्रेस की सरकार गिरेगी। अब कांग्रेस का अंत आ गया है। भाजपा सांसद कमलजीत शेहरावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व अपनी पार्टी को संभालने में पूरी तरह विफल है। एक तो इनकी सरकार आती नहीं और जहां आती है, उनकी पार्टी के नेताओं की गुटबाजी से जनता के हितों का का नुकसान होता है। जब पार्टी के अपने ही नेताओं के बीच सामंजस्य नहीं है तो वो जनता का क्या भला करेंगे। राहुल गांधी भी इस अस्थिरता को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाते हैं। यद्यपि ये हमारा विषय नहीं है लेकिन कर्नाटक की जनता ने जिस विकास के लिए विश्वास के साथ वोट दिया था, कांग्रेस की गुटबाजी ने उस विश्वास को धूमिल कर दिया है। (Politics Regarding Karnataka)
कांग्रेस सत्ता लोभी पार्टी है: मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता लोभी पार्टी है। वहां सत्ता के लिए ही सब कुछ होता है। आपस में भी विवाद था, ये सब जानते हैं लेकिन ये तो उनकी पार्टी का निर्णय है। हम भाजपा के लोग हैं, हमारा उद्देश्य सत्ता प्राप्ति तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य जनसेवा है और वो हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, नितिन नवीन की अध्यक्षता में, अलग-अलग राज्यों में कार्यकर्ताओं के बल पर कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कांग्रेस की ये परंपरा रही है कोई मुख्यमंत्री पूरा कार्यकाल नहीं कर पाती है। मंत्रियों के साथ भी ऐसा ही है कांग्रेस की स्थिति और खराब है लेकिन जनता को न्याय और विकास का लाभ मिलना चाहिए। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि कर्नाटक और देश के लोगों को एक संदेश कांग्रेस पार्टी ने दिया है कि विचारधारा का कोई महत्व नहीं है, मुद्रा का बहुत महत्व है। कांग्रेस में जिस तरह से टेंडर व्यवस्था रही है कि जो सबसे ज्यादा बोली लगाने वाला नेता होता है उसी का टेंडर आ जाता है। (Politics Regarding Karnataka)
कर्नाटक के लोगों और लोकतंत्र के साथ धोखा: गौरव
भाजपा नेता गौरव ने कहा कि कांग्रेस ने एक संदेश दिया है कि मुद्रा की सबसे ज्यादा बोली लगाओ और कांग्रेस में नेतृत्व पाओ। कर्नाटक के लोगों के साथ ये एक तरह का अपमान है, लोकतंत्र के साथ धोखा है। आने वाले समय में जिस तरह से उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल से कांग्रेस साफ हुई है, उसी तरह कर्नाटक से भी कांग्रेस साफ हो जाएगी। भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा कि कर्नाटक के नाटक का पहला प्रकरण सिद्धारमैया के अध्याय के साथ समाप्त हुआ, कर्नाटक का दूसरा प्रकरण डी.के. शिवकुमार के साथ शुरू हुआ है, लेकिन कर्नाटक के नाटक का अंतिम चरण 2028 में होगा जब कर्नाटक कांग्रेस मुक्त होगा। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि इतने दुखी मन से आज सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा दिया है। उनके चेहरे पर दुख दिखाई दे रहा था कि लोकप्रियता पर पैसा हावी हो गया। ऐसा लोग कह रहे हैं। राहुल गांधी बड़े दिनों जातीय जनगणना का ज्ञान बांट रहे थे अब मैं कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों की लिस्ट देखता हूं तो OBC समाज के कोई नहीं दिख रहा। हमारे यहां प्रधानमंत्री OBC समाज से हैं, हर समाज से मुख्यमंत्री भी हैं। (Politics Regarding Karnataka)
राजनीति के चलते वहां सभी सरकारी काम ठप पड़े हैं: आर.पी. सिंह
भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि जब से कर्नाटक में सरकार बनी है तब से सरकार में आपसी खींचतान ही चल रही है। इससे सबसे ज्यादा नुकसान जनता का हो रहा है। राजनीति के चलते वहां सभी सरकारी काम ठप पड़े हैं। यूपी कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव के बाद से ही कांग्रेस में उठा पटक हो रही है उसी का नतीजा है कि वहां कई दावेदार हैं एक बन रहा है तो दूसरा तैयार हो जा रहा है आपसी कलह की वजह से हो रहा है। कर्नाटक की सियासत में हुआ ये बदलाव अब सिर्फ मुख्यमंत्री बदलने तक सीमित नहीं रह गया है। भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और सत्ता संघर्ष का नतीजा बता रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या कांग्रेस इस बदलाव के बाद खुद को संभाल पाएगी या फिर ये विवाद आगे और बड़ा राजनीतिक संकट बनेगा। सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कर्नाटक की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा लगातार कांग्रेस नेतृत्व और गुटबाजी पर सवाल उठा रही है। अब देखना होगा कि ये बदलाव सरकार को मजबूती देगा या फिर कांग्रेस के भीतर की कलह और खुलकर सामने आएगी।



