शादी के कुछ घंटों बाद उजड़ गई खुशियां, हेलिकॉप्टर हादसे में भारतीय मूल के पायलट की मौत, दुल्हन घायल

Wedding Joy Turned Tragedy: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। भारतीय मूल के 25 साल के पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ घंटों बाद ही हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनकी नवविवाहिता पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि हेलिकॉप्टर उड़ा रहे पायलट की भी जान चली गई। यह दुर्घटना शुक्रवार रात डॉसन काउंटी के डॉसनविल इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक डेव फिजी अमेरिका की प्रमुख एयरलाइन कंपनी डेल्टा एयर लाइंस में पायलट के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को डॉसनविल में उनका शादी समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी पर एक्टर प्रकाश राज की टिप्पणी से विवाद, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
शादी के बाद नवविवाहित दंपती हेलिकॉप्टर के जरिए पीचट्री-डीकाल्ब एयरपोर्ट जाने वाले थे। वहां से दोनों ने अटलांटा में रात बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा साबित हुई। मृतक डेव फिजी के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि विवाह समारोह खत्म होने तक इलाके का मौसम काफी खराब हो चुका था। क्षेत्र में घना कोहरा और लगातार बारिश होने से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। उन्होंने बताया कि डेव ने उड़ान भरने से पहले खराब मौसम को लेकर चिंता भी व्यक्त की थी। डेव का कहना था कि इतनी कम विजिबिलिटी में वह स्वयं कभी विमान नहीं उड़ाते। इसके बावजूद हेलिकॉप्टर ने उड़ान भर दी। (Wedding Joy Turned Tragedy)

घने जंगल और पहाड़ी इलाके में गिरा हेलिकॉप्टर
उड़ान भरने के कुछ समय बाद पांच सीटों वाला रॉबिन्सन हेलिकॉप्टर डॉसनविल के दक्षिण-पश्चिम में स्थित पहाड़ी और घने जंगल वाले क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि हेलिकॉप्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में डेव फिजी और हेलिकॉप्टर के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। डेव के पिता के मुताबिक हादसे के बाद जेस्नी करीब पांच घंटे तक हेलिकॉप्टर के मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को मलबे के नीचे दबा हुआ पाया। पेशे से नर्स जेस्नी ने सबसे पहले अपने पति डेव को आवाज लगाई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में राहत और बचाव दल ने उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकाला। (Wedding Joy Turned Tragedy)

केरल से जुड़ा है दोनों परिवारों का संबंध
बताया जा रहा है कि डेव फिजी के माता-पिता मूल रूप से भारत के केरल राज्य के एर्नाकुलम जिले के मुवट्टुपुझा क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं उनकी पत्नी जेस्नी का परिवार भी केरल के अलाप्पुझा जिले से संबंध रखता है। इस हादसे की खबर सामने आने के बाद केरल और अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय में शोक की लहर है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि हेलिकॉप्टर में कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खराब मौसम और कम विजिबिलिटी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। एजेंसी की शुरुआती रिपोर्ट अगले 30 दिनों के भीतर जारी होने की संभावना है।



