प्रधानमंत्री मोदी पर एक्टर प्रकाश राज की टिप्पणी से विवाद, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Prakash Raj on PM: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के चाय बेचने वाले दावे पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, एक सोशल मीडिया यूजर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए पोस्ट किया था कि उसे विश्वास नहीं है कि मोदी कभी चाय बेचने वाले या भिखारी रहे होंगे और उन्हें पैदाइशी झूठा बताया। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश राज ने लिखा कि उन्हें यह नहीं पता कि प्रधानमंत्री ने कभी चाय बेची थी या भीख मांगी थी, लेकिन वे उनके झूठों के गवाह रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पोस्ट में लोगों से पूछा कि उनकी इस बात से कौन-कौन सहमत है।
प्रकाश राज की यह टिप्पणी सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और इसे लेकर समर्थकों-विरोधियों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रकाश राज की आलोचना की। एक यूजर ने लिखा कि जब किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस आरोप नहीं होता तो लोग उसके चरित्र पर हमला करने लगते हैं और तंज कसते हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने अभिनेता को सलाह देते हुए लिखा कि सिर्फ सरकार की आलोचना करने के बजाय उन्हें देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने पर ध्यान देना चाहिए। यूजर ने सवाल किया कि उन्होंने देश और सरकार के लिए क्या सकारात्मक कार्य किया है और नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। (Prakash Raj on PM)

कौन हैं प्रकाश राज ?
प्रकाश राज भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता, निर्देशक और निर्माता हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में काम किया है। अपने दमदार अभिनय के साथ-साथ वे सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर राय रखने के लिए भी जाने जाते हैं। कई बार उनके राजनीतिक बयानों और सरकार की आलोचना को लेकर विवाद भी सामने आते रहे हैं। प्रकाश राज इससे पहले भी केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर दिए गए उनके बयान अक्सर राजनीतिक बहस का विषय बनते रहे हैं। ताजा टिप्पणी के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर समर्थक और विरोधी आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल इस विवाद पर प्रधानमंत्री कार्यालय या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा का केंद्र बना हुआ है।



