Stock Market : यूएस-ईरान तनाव से बाजार में भूचाल, निवेशकों के 3.75 लाख करोड़ डूबे
Stock Market : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली के चलते आज मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों को शुरुआती एक मिनट के भीतर ही करीब 3.75 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। (Stock Market)
सुबह 9.16 बजे सेंसेक्स 452 अंक से अधिक टूटकर 73,815.12 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 करीब 153 अंक गिरकर 23,229 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में कमजोरी का असर व्यापक रहा और अधिकांश सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
सेंसेक्स में बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे अधिक करीब 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL), बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी के शेयरों में 1 से 2 फीसदी तक की कमजोरी रही। वहीं आईटी सेक्टर के शेयरों ने बाजार को कुछ राहत दी। इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में 1 से 3 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई।
ब्रॉडर मार्केट में भी दबाव देखने को मिला। निफ्टी स्मॉलकैप-100 और निफ्टी मिडकैप-100 सूचकांक लगभग 1 फीसदी तक लुढ़क गए। सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित रहे, जबकि आईटी सेक्टर मजबूती के साथ कारोबार करता रहा।
एनएसई पर कारोबार के दौरान लगभग 887 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 1,650 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। 97 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
भू-राजनीतिक तनाव बना बड़ी वजह
विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियां तेज हुई हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा है। मध्य-पूर्व में अस्थिरता बढ़ने से वैश्विक आर्थिक गतिविधियों और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर आशंकाएं गहरा गई हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
भू-राजनीतिक तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी देखने को मिला। ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव और बढ़ता है तो तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे कीमतों में और तेजी आ सकती है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ती चिंताओं ने भी बाजार की बेचैनी बढ़ाई है। दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल और गैस आपूर्ति इसी जलमार्ग से होकर गुजरती है। किसी भी व्यवधान का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। सोमवार को उन्होंने करीब 3,912 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे पहले 29 मई को एक ही कारोबारी सत्र में 22,102 करोड़ रुपये की भारी बिकवाली दर्ज की गई थी। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से करीब 2.47 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि वैश्विक बाजारों में एआई आधारित निवेश थीम, अमेरिका, दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजारों में रिकॉर्ड तेजी तथा भारत में लगातार एफपीआई बिकवाली जैसे रुझान फिलहाल जारी हैं।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट, आर्थिक विकास दर में संभावित कमी और महंगाई बढ़ने की आशंकाओं ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा सामान्य से कम मानसून का अनुमान भी बाजार की चिंताओं में इजाफा कर रहा है, जिसका असर आर्थिक विकास और महंगाई दोनों पर पड़ सकता है। (Stock Market)
यह भी पढ़े :- CG NEWS : कूलर में उतरे करंट ने ली जान, परिवार के इकलौते कमाने वाले की दर्दनाक मौत



