नक्सली संगठन में शादी से पहले नसबंदी थी अनिवार्य, पूर्व DVCM का दावा

जगदलपुर। बस्तर में सक्रिय रहे नक्सली संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले 8 लाख रुपये के इनामी पूर्व डिविजनल कमेटी सदस्य (DVCM) शंकर मुचाकी ने दावा किया है कि संगठन में शादी से पहले पुरुष कैडरों की नसबंदी कराना अनिवार्य था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये ऑपरेशन प्रशिक्षित चिकित्सकों के बजाय सीमित शिक्षा प्राप्त ग्रामीण युवकों द्वारा जंगलों में किए जाते थे।
शंकर मुचाकी उन 34 पूर्व नक्सलियों में शामिल हैं, जिनकी हाल ही में जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नसबंदी रिवर्सल सर्जरी कराई गई है। आत्मसमर्पण के बाद वे सामान्य जीवन और परिवार बसाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
जंगलों में होती थी नसबंदी
शंकर मुचाकी के अनुसार वर्ष 2014 के आसपास झारखंड से आए कथित डॉक्टर रफीक ने कुछ स्थानीय युवाओं को नसबंदी और छोटे-मोटे ऑपरेशन करने का प्रशिक्षण दिया था। इसके बाद जंगलों के भीतर ही अस्थायी व्यवस्थाओं के माध्यम से नसबंदी की प्रक्रिया संचालित की जाने लगी।
उन्होंने दावा किया कि यह कार्य करने वाले अधिकांश युवक केवल 8वीं से 10वीं तक शिक्षित थे और उनके पास कोई औपचारिक चिकित्सा योग्यता नहीं थी। इसके बावजूद संगठन की व्यवस्था के तहत वे नसबंदी जैसे ऑपरेशन करते थे।
शादी से पहले नसबंदी थी अनिवार्य
पूर्व नक्सली नेता के मुताबिक संगठन में विवाह की अनुमति मिलने से पहले पुरुष कैडर की नसबंदी कराना अनिवार्य शर्त थी। संगठन का मानना था कि परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी आंदोलन में बाधा बन सकती है।
शंकर ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी शादी से पहले नसबंदी कराई थी और करीब 17 वर्षों तक संगठन में सक्रिय रहे। उनका दावा है कि उनका ऑपरेशन बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगलों में किया गया था।
आत्मसमर्पण के बाद नई शुरुआत
मार्च 2026 में नक्सली नेता पापा राव के साथ आत्मसमर्पण करने वाले शंकर मुचाकी ने कहा कि संगठन में रहते हुए उन्हें पिता बनने की इच्छा तक दबानी पड़ी। अब नसबंदी रिवर्सल सर्जरी के बाद वे सामान्य पारिवारिक जीवन जीने की उम्मीद कर रहे हैं।
इसी तरह पूर्व नक्सली हूंगा ने भी दावा किया कि संगठन में विवाह की अनुमति तो दी जाती थी, लेकिन नसबंदी कराना अनिवार्य होता था। उन्होंने बताया कि 2022 में उनकी नसबंदी कराई गई थी और अब वे भी रिवर्सल सर्जरी के बाद परिवार बसाने की तैयारी कर रहे हैं।
उठे गंभीर सवाल
पूर्व नक्सलियों के इन दावों ने नक्सली संगठन की कार्यप्रणाली, मानवाधिकारों और कथित अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि बिना प्रशिक्षित चिकित्सा विशेषज्ञों के ऐसे ऑपरेशन किस स्तर तक और किन परिस्थितियों में किए जाते रहे।
यह भी पढ़े :- Stock Market : यूएस-ईरान तनाव से बाजार में भूचाल, निवेशकों के 3.75 लाख करोड़ डूबे



