Google Analytics —— Meta Pixel

Balodabazar News: व्यापारियों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिला चेंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल

फायर स्टेशन, सुरक्षा, पार्किंग और चेंबर भवन की मांग; जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन

Balodabazar News: छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, नगर इकाई बलौदाबाजार के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जनदर्शन में कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर नगर के व्यापारियों को प्रभावित कर रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बढ़ती आगजनी और चोरी की घटनाओं, अतिक्रमण तथा पार्किंग व्यवस्था जैसी समस्याओं के समाधान हेतु विस्तृत मांगपत्र सौंपा गया।

आगजनी की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता

चेंबर पदाधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में नगर के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाने के कारण व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वर्तमान में फायर स्टेशन नगर से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित है तथा पानी की आपूर्ति भी दूरस्थ क्षेत्र से होने के कारण राहत कार्य प्रभावित होता है। (Balodabazar News)

चोरी की बढ़ती घटनाओं पर जताई नाराजगी

प्रतिनिधिमंडल ने नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की मांग की।

अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या से प्रभावित हो रहा व्यापार

चेंबर सदस्यों ने बताया कि बाजार और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता बताई।

चेंबर ने रखीं प्रमुख मांगें

1. नगर में स्थापित हो फायर स्टेशन

  • बलौदाबाजार नगर क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना की जाए।
  • आपात स्थिति में तत्काल जल उपलब्धता के लिए नगर पालिका द्वारा टैंकर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

2. सुरक्षा व्यवस्था को किया जाए मजबूत

  • सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
  • बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
  • मवेशी बाजार (भैंसा पसरा), पुराना बस स्टैंड एवं रामसागर तालाब क्षेत्र में पुलिस चौकी अथवा अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाए।

3. पार्किंग और यातायात सुधार के लिए कदम

  • मवेशी बाजार में निर्मित बाउंड्रीवाल क्षेत्र को पार्किंग जोन घोषित किया जाए।
  • सब्जी विक्रेताओं के लिए पूर्व निर्मित शेडयुक्त चबूतरों में व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए।
  • मुख्य मार्ग से ठेले, शेड और अन्य अतिक्रमण हटाकर सड़क किनारे छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाए।

4. चेंबर के लिए भूमि एवं भवन उपलब्ध कराया जाए

व्यापारियों, ग्राहकों तथा शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए बाजार क्षेत्र के समीप चेंबर ऑफ कॉमर्स को भूमि एवं भवन आवंटित किया जाए।

5. थोक व्यापार के लिए विकसित हो अलग क्षेत्र

बलौदाबाजार में थोक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए पृथक स्थान उपलब्ध कराया जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार हो सके।

पहले भी उठ चुकी हैं ये मांगें

अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने बताया कि इन मुद्दों को पूर्व में राजस्व मंत्री एवं विधायक टंकराम वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन, तत्कालीन कलेक्टर दीपक सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष भी रखा जा चुका है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद भी ज्ञापन सौंपकर चर्चा की गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की जताई उम्मीद

चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा शासन-प्रशासन के साथ सहयोग करता रहा है। ऐसे में व्यापारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाने की अपेक्षा है।

इनकी रही उपस्थित

इस अवसर पर चेंबर के महामंत्री शिवप्रकाश तिवारी, उपाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, पियूष मिश्रा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, मुख्य सलाहकार अभिषेक तिवारी तथा शिवम सतीश साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। (Balodabazar News)

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में मानसून की आहट, बारिश के लिए तैयार रहें

Back to top button
error: Content is protected !!