सौतेले पिता ने 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव चंबल में फेंका, 7 दिन तक रचता रहा अपहरण की कहानी
Step Father Killed Daughter : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी 11 वर्षीय बेटी की हत्या कर उसका शव चंबल नदी में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्ची के अपहरण की झूठी कहानी भी रची, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला सिरोल थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान राजेश जाटव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपनी सौतेली बेटी संध्या के व्यवहार को लेकर अक्सर नाराज रहता था। बच्ची के पड़ोसियों से बातचीत करने और मोबाइल चलाने की जिद को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। (Step Father Killed Daughter)
बताया जा रहा है कि 24 मई को किसी बात पर विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने बच्ची के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने पहले जलती लकड़ी से बच्ची को पीटा और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे चंबल नदी में फेंक दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को विश्वास था कि नदी में मौजूद मगरमच्छ शव को नष्ट कर देंगे और घटना का कोई सबूत नहीं बचेगा। हत्या के बाद उसने खुद पुलिस के पास पहुंचकर बेटी के अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई और लगातार खुद को परेशान पिता बताकर जांच को भटकाने की कोशिश करता रहा।
हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयानों में कई विरोधाभास मिले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चंबल नदी क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, जहां बच्ची का शव बरामद किया गया। मामले में आरोपी राजेश जाटव को गिरफ्तार कर हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। (Step Father Killed Daughter)
यह भी पढ़े :- RBI का बड़ा फैसला: रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, EMI रहेगी स्थिर



