INDIA गठबंधन में बढ़ी खींचतान, बैठक में शामिल नहीं होगी DMK, उदयनिधि स्टालिन बोले- कांग्रेस का विश्वासघात कभी नहीं भूलेंगे

DMK on INDIA Meeting: तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने के चलते कांग्रेस से नाराज DMK ने 8 जून को दिल्ली में होने वाली I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। गुरुवार को चेपॉक-ट्रिपलिकेन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के जितने भी विधायक जीतकर आए, वे DMK नेतृत्व से मिलने तक नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया गठबंधन धर्म के खिलाफ है और इससे दोनों दलों के बीच भरोसे का संकट पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि DMK कांग्रेस के विश्वासघात को कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस के विजयी विधायक भी हमारे नेता से नहीं मिले हैं। कांग्रेस ने TVK का समर्थन करके हमें धोखा दिया है। हमारे गठबंधन के कुछ सहयोगियों ने भी हमारे नेता को सूचित करके हमारा समर्थन किया, लेकिन कांग्रेस ने नहीं किया।
यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल की राजनीति में उथल-पुथल, पूर्व CM ममता बनर्जी पर कानूनी शिकंजा, बैठक में पहुंचे 80 में से सिर्फ 8 विधायक
बता दें कि TVK को समर्थन देने के चलते करीब दो दशक तक साथ चलने वाला कांग्रेस और DMK का गठबंधन अब टूट चुका है। कांग्रेस के साथ बढ़ती तल्खी के बीच DMK ने INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होने का ऐलान किया है। इस बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी गठबंधन के लगभग 15 दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। DMK के इस फैसले को विपक्षी गठबंधन के भीतर बढ़ते मतभेदों के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि INDIA गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी, जिसमें 15 विपक्षी दल शामिल हुए थे। (DMK on INDIA Meeting)
TVK को समर्थन बना विवाद की वजह
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थी। हालांकि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस के पांच विधायकों ने अभिनेता विजय की पार्टी TVK को समर्थन दे दिया। इसी कदम को DMK ने राजनीतिक विश्वासघात करार दिया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक चुनाव बाद TVK को कांग्रेस के समर्थन ने DMK और कांग्रेस के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों में दरार पैदा कर दी। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी लगातार बढ़ती गई और आखिर में गठबंधन टूट गया। गठबंधन टूटने के संकेत मई महीने में ही मिलने लगे थे। 8 मई को DMK ने लोकसभा में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठने से इनकार कर दिया था। (DMK on INDIA Meeting)
तमिलनाडु चुनाव में TVK का उभार
DMK सांसद कनिमोझी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसदों की बैठने की व्यवस्था बदलने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना उचित नहीं है। लोकसभा में DMK के 22 सांसद हैं और वह INDIA गठबंधन की प्रमुख पार्टियों में शामिल रही है। अभिनेता विजय ने वर्ष 2024 में TVK पार्टी का गठन किया था। 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस के समर्थन ने TVK को और राजनीतिक मजबूती प्रदान की, जबकि DMK ने इसे अपने खिलाफ रणनीतिक कदम माना। (DMK on INDIA Meeting)
कांग्रेस-DMK रिश्तों का लंबा इतिहास
इंदिरा गांधी के दौर में शुरू हुई नजदीकी- कांग्रेस और DMK के राजनीतिक संबंधों की शुरुआत 1971 में हुई थी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और DMK नेता एम. करुणानिधि ने लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक सहयोग बढ़ता गया।
राजीव गांधी की हत्या के बाद टूटा साथ- 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस ने DMK पर LTTE के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया और दोनों दलों का गठबंधन टूट गया। इसके बाद कांग्रेस ने AIADMK के साथ राजनीतिक साझेदारी की।
2004 में फिर साथ आए- करीब एक दशक बाद 2004 में DMK ने NDA छोड़कर कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया। दोनों दलों के गठबंधन ने तमिलनाडु की सभी 39 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की और UPA सरकार के गठन में DMK महत्वपूर्ण सहयोगी बनी।
2019 और 2021 में भी मिली बड़ी सफलता- 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-DMK गठबंधन ने 39 में से 38 सीटों पर जीत हासिल की। इसके बाद 2021 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ा और DMK सत्ता में लौट आई।
2026 में खत्म हुआ 22 साल पुराना साथ
हालिया विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस और DMK ने मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस द्वारा TVK को समर्थन देने से दोनों दलों के संबंध पूरी तरह बिगड़ गए। DMK ने इसे गठबंधन के साथ विश्वासघात बताया और लगभग 22 वर्षों से लगातार चले आ रहे राजनीतिक गठबंधन का अंत हो गया। तमिलनाडु में कांग्रेस और DMK का अलग होना न सिर्फ राज्य की राजनीति, बल्कि INDIA गठबंधन के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। ऐसे समय में जब विपक्ष राष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता की कोशिश कर रहा है, दक्षिण भारत के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक गठबंधनों में से एक का टूटना विपक्षी राजनीति की नई चुनौतियों को सामने ला रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कांग्रेस, DMK और TVK के बीच नए राजनीतिक समीकरण किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।



