Google Analytics —— Meta Pixel

एक्स-गर्लफ्रेंड की ऑफिस में चाकू मारकर हत्या, 35 सेकेंड में किए 30 वार, आरोपी ने खुद का भी काटा गला 

Murder of Ex Girlfriend: पंजाब के मोहाली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड की ऑफिस के अंदर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात इतनी भयावह थी कि आरोपी ने महज 35 सेकेंड के भीतर युवती पर करीब 30 बार चाकू से हमला किया। घटना के बाद उसने आत्महत्या की कोशिश करते हुए अपना गला भी काट लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के कार्यालय में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। मृतिका की पहचान 30 साल की डिंपल के रूप में हुई है, जो कंपनी की डिस्पैच टीम में कार्यरत थी। वहीं आरोपी हरजिंदर सिंह (34) भी उसी कंपनी का कर्मचारी है।

यह भई पढ़ें:- राजधानी में फिर आगजनी, सेंट्रल बैंक के जोनल कार्यालय में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डिंपल अपने वर्क स्टेशन पर बैठकर काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी चुपचाप उसके पीछे पहुंचा और अचानक गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले से घबराई डिंपल मदद के लिए चिल्लाते हुए ऑफिस के भीतर दौड़ी, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा और उस पर चाकू से वार करता रहा। जान बचाने के लिए भाग रही डिंपल को आरोपी ने ऑफिस गेट के पास फिर पकड़ लिया और दोबारा हमला शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी चाकू दिखाकर उन्हें डराता रहा। कर्मचारियों में से एक ने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से एक चाकू छीन लिया, लेकिन आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने तुरंत दूसरा चाकू निकाल लिया और फिर युवती पर हमला जारी रखा। (Murder of Ex Girlfriend)

हत्या के बाद खुद को भी किया घायल

जब आरोपी को लगा कि डिंपल की मौत हो चुकी है तो उसने खुद पर भी चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। पहले उसने अपनी गर्दन पर कई वार किए और बाद में चाकू से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। खून से लथपथ हालत में वह वहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरजिंदर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद पटियाला में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि डिंपल और हरजिंदर पिछले करीब 3 सालों से एक ही कंपनी में कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए। हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था।

परिवार ने प्रेम प्रसंग की बात पर उठाए सवाल

पुलिस के मुताबिक आरोपी रिश्ते को दोबारा जोड़ना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। वारदात वाले दिन दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने हमला कर दिया। हालांकि मृतिका के परिवार ने पुलिस की शुरुआती थ्योरी पर सवाल उठाए हैं। डिंपल के दादा बलवंत राय खत्री ने कहा कि प्रेम प्रसंग को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि डिंपल अपनी हर बात परिवार से साझा करती थी और इस तरह के किसी रिश्ते की जानकारी कभी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि डिंपल ने एलएलबी की पढ़ाई की थी। वह बेहद मेहनती और जिम्मेदार युवती थी। वह मोहाली में किराए के मकान में रहती थी और वीकली ऑफ (शनिवार और रविवार) पर ही पटियाला स्थित घर आती थी। (Murder of Ex Girlfriend)

नौकरी छोड़ने वाली थी डिंपल: पिता 

मृतिका के पिता ने बताया कि डिंपल ने कंपनी से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया था और शुक्रवार को उसे अपना रिजाइन सौंपना था। ऐसे में परिवार का मानना है कि मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए। घटना के बाद डिंपल की मां का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कोई अपराध नहीं किया था, फिर भी उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। फेज-11 थाना प्रभारी अमन बैदवान ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस फिलहाल हत्या के वास्तविक कारणों, आरोपी और मृतका के संबंधों समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और उसके स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!