छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले मौसम मेहरबान, अगले 5 दिन बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं जगदलपुर समेत कई इलाकों में भी बादलों की सक्रियता देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं। कई स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:- राजधानी में फिर आगजनी, सेंट्रल बैंक के जोनल कार्यालय में लगी आग
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पेंड्रारोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून अरब सागर के और हिस्सों के साथ गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।
क्यों बदल रहा है मौसम ?
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की यह प्रगति आगे चलकर मध्य भारत की ओर बढ़ेगी, जिससे छत्तीसगढ़ में भी मानसून के आगमन का रास्ता साफ हो सकता है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के वातावरण में नमी बढ़ रही है और अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण छत्तीसगढ़ में बादल बनने, गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने, हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। (Rain Alert in Chhattisgarh)




