Google Analytics —— Meta Pixel

भारत को रूस का बड़ा रक्षा प्रस्ताव, सुखोई-57 फाइटर जेट के साथ टेक्नोलॉजी शेयरिंग की पेशकश

Russia Defense Proposal to India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के अत्याधुनिक स्टेल्थ लड़ाकू विमान SU-57 को लेकर बड़ा प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा है कि रूस भारत के साथ मिलकर सुखोई विमान का विकास और उत्पादन करने के लिए तैयार है और इसके लिए आवश्यक रक्षा तकनीकें भी साझा करेगा। सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत में पुतिन ने कहा कि रूस पहले भी भारत को इस परियोजना में साझेदार बनने का प्रस्ताव दे चुका है। उस समय भारत ने रूस से पहले इस परियोजना को आगे बढ़ाने और उसके बाद साझेदारी पर विचार करने की बात कही थी।

यह भी पढ़ें:- सहारा रेगिस्तान बना कब्रगाह, ट्रक खराब होने से कई दिनों तक फंसे रहे यात्री, प्यास से 49 लोगों ने तोड़ा दम

पुतिन ने कहा कि SU-57 रूस की सबसे महत्वपूर्ण रक्षा परियोजनाओं में से एक है और भारत के साथ इस क्षेत्र में सहयोग करने में रूस को कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि यह विमान दोनों देशों का संयुक्त प्रोजेक्ट बन सकता है और भविष्य में इसके विकास में भी भारत की भागीदारी संभव है। रूसी राष्ट्रपति ने सुखोई-57 को दुनिया के सबसे बेहतरीन फाइटर जेट्स में से एक बताया। यह पांचवीं पीढ़ी का स्टेल्थ लड़ाकू विमान है, जिसमें कम रडार पहचान क्षमता, अत्याधुनिक एवियोनिक्स, सुपरक्रूज क्षमता और मल्टी-रोल कॉम्बैट सिस्टम जैसी खूबियां मौजूद हैं। यह विमान हवा, जमीन और समुद्र में मौजूद लक्ष्यों पर सटीक हमला करने में सक्षम है। वर्तमान में दुनिया में सीमित संख्या में ही पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान मौजूद हैं, जिनमें अमेरिका का F-35 और चीन का J-35 भी शामिल है। (Russia Defense Proposal to India)

सुखोई-57 की प्रमुख विशेषताएं

SU-57 फाइटर जेट की लंबाई 65.11 फीट, विंग स्पैन 46.3 फीट और ऊंचाई 15.1 फीट है। यह विमान अधिकतम 2,136 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है। इसका कुल वजन लगभग 18,500 किलोग्राम है, जबकि यह लगभग 10,000 किलोग्राम तक हथियार और पेलोड ले जाने की क्षमता रखता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने साल 2018 के आसपास भारत को SU-57 कार्यक्रम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि उस समय भारतीय वायुसेना विमान की कुछ तकनीकी क्षमताओं, विशेष रूप से स्टेल्थ तकनीक को लेकर पूरी तरह संतुष्ट नहीं थी। तकनीक हस्तांतरण को लेकर भी दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस का नया प्रस्ताव भारत की उन पुरानी चिंताओं को दूर करने की कोशिश माना जा रहा है। बता दें कि पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत को F-35 लड़ाकू विमान की पेशकश की थी। (Russia Defense Proposal to India)

भारत पर दबाव डालना बेकार: पुतिन

पुतिन ने भारत-अमेरिका संबंधों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कई मुद्दों पर अमेरिका भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करता है, लेकिन भारत एक स्वतंत्र और मजबूत देश है, जो अपने राष्ट्रीय हितों के मुताबिक फैसले लेता है। पुतिन ने कहा कि भारत किसी भी बाहरी दबाव का विरोध करेगा और अपनी रणनीतिक स्वायत्तता बनाए रखेगा। रूस की ओर से आया यह नया रक्षा प्रस्ताव भारत के लिए रणनीतिक और तकनीकी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। SU-57 जैसे पांचवीं पीढ़ी के स्टेल्थ फाइटर जेट के साथ टेक्नोलॉजी शेयरिंग और संयुक्त उत्पादन की पेशकश से दोनों देशों के रक्षा सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। हालांकि भारत की ओर से इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय उसकी सैन्य जरूरतों, तकनीकी मूल्यांकन और रणनीतिक हितों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह प्रस्ताव द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को किस स्तर तक ले जाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!