भारत-चीन विवाद पर रूस की दो टूक, मोदी और जिनपिंग बातचीत से निकालेंगे समाधान, दखल नहीं देगा मॉस्को

Putin on India China: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और चीन के संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रूस दोनों देशों का मित्र है, लेकिन भारत-चीन के आपसी मामलों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं समझता। सीमा विवाद समेत सभी संवेदनशील मुद्दों का समाधान दोनों देशों के नेता बातचीत के जरिए निकाल सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि भारत और चीन के साथ रूस के संबंध स्वतंत्र और अलग-अलग हैं। भारत के साथ रूस की दोस्ती से चीन को कोई परेशानी नहीं होती और चीन के साथ रूस के घनिष्ठ रिश्तों का भारत-रूस संबंधों पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दोनों ही अनुभवी नेता हैं और वे सीमा विवाद समेत सभी लंबित मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और चीन के रिश्ते बेहद जटिल और संवेदनशील हैं, इसलिए रूस किसी भी तरह की मध्यस्थता या हस्तक्षेप की भूमिका नहीं निभाना चाहता। पुतिन ने भारत-रूस-चीन (RIC) त्रिपक्षीय मंच का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि एक समय उन्होंने भारत और चीन के नेताओं को रूस में एक साथ बैठक करने का सुझाव दिया था। इसी पहल के बाद RIC सहयोग मंच अस्तित्व में आया। (Putin on India China)
पाकिस्तान पर भी रखी राय
उन्होंने कहा कि बाद में इसी प्रकार के सहयोग ने वैश्विक स्तर पर बड़े समूहों के गठन का मार्ग प्रशस्त किया और आगे चलकर BRICS जैसे संगठन की नींव मजबूत हुई। भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में पुतिन ने कहा कि रूस दोनों देशों के बीच मौजूद जटिलताओं और चुनौतियों को समझता है। हालांकि उन्होंने इस विषय पर ज्यादा विस्तार से टिप्पणी करने से परहेज किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान पूरी तरह चीन के प्रभाव में है तो उन्होंने इस धारणा से सहमति नहीं जताई। पुतिन ने कहा कि पाकिस्तान एक बड़ा और महत्वपूर्ण देश है, जिसके दुनिया के कई देशों के साथ अलग-अलग प्रकार के संबंध हैं। हालांकि उन्होंने माना कि पाकिस्तान के लिए चीन के साथ सहयोग काफी अहम है। (Putin on India China)
भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना
रूसी राष्ट्रपति ने भारत की आर्थिक उपलब्धियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीयों की प्रतिभा और मेहनत की बदौलत भारत दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत और रूस के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और भविष्य में द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने दोहराया कि भारत एक मजबूत, स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है, जो अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर निर्णय लेता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।



