अपराध की गिरफ्त में छत्तीसगढ़! हत्या से दुष्कर्म तक…बढ़ते अपराधों ने बढ़ाई टेंशन, NCRB रिपोर्ट ने दिखाया डरावना सच

Crime Increased in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रही हत्या, दुष्कर्म, साइबर ठगी, फायरिंग और नशा तस्करी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार आ रही आपराधिक घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराध का स्वरूप और दायरा दोनों बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि जब राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट सामने आई तो उसमें दर्ज आंकड़ों ने भी चिंता और बढ़ा दी। बीते कुछ दिनों में बिलासपुर, सारंगढ़, सक्ती, दुर्ग, अंबिकापुर, सुकमा और मनेंद्रगढ़ जैसे जिलों से कई सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के पथर्रा गांव में 27 साल की बाउंसर निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर और पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का एंगल सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच संबंधों का शक था, जिसके चलते यह खूनी वारदात हुई।
यह भी पढ़ें:- अन्नामलाई ने BJP छोड़ शुरू किया नया राजनीतिक आंदोलन, नई पार्टी को 10 घंटे में 10 लाख समर्थक
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कुटेला वार्ड में भी एक व्यक्ति की डंडे और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लुकेश्वर केशरवानी के रूप में हुई है। वहीं दुर्ग जिले के सिद्धार्थनगर में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और लाठी, डंडे-चाकू तक चल गए। इस हिंसक झड़प में छह लोग घायल हुए। सक्ती जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग का मामला सामने आया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से देशी रिवॉल्वर और कट्टा बरामद किया है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में भुतहा नाला से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और पुलिस हत्या की आशंका के साथ जांच में जुटी हुई है। (Crime Increased in Chhattisgarh)
PM आवास राशि विवाद में भाई की हत्या
पारिवारिक विवादों से जुड़े अपराध भी लगातार सामने आ रहे हैं। सक्ती जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की टांगी मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह घटना बताती है कि आर्थिक और पारिवारिक विवाद किस तरह जानलेवा रूप ले रहे हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध भी चिंता का विषय बने हुए हैं। अंबिकापुर में एक स्पीच थैरेपिस्ट डॉक्टर प्रांजुल बालियान को महिला से दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं सुकमा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि शादी और प्रेम संबंध का झांसा देकर आरोपियों ने अलग-अलग समय पर नाबालिग का शोषण किया गया था, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई थी, जिसकी शिकायत पीड़िता की मां ने थाने में दर्ज कराई थी। इन घटनाओं ने महिला और बाल सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नशे के खिलाफ कड़ा प्रहार
साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। अंबिकापुर में एक महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाकर 4 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, महिला ने 19 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराया था कि एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि आप गुगल ब्राउजर में अश्लील फोटो देखती है, जो दंडनीय अपराध है। इसके लिए आपको गिरफ्तार किया जाएगा, जिससे महिला डर गई और आरोपियों के बताए अलग- अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इस बीच ठगी का अहसास होने पर महिला ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस और साइबर सेल ने मध्यप्रदेश के टिकमगढ़ जिले से काशीराम अहिरवार, लाल यादव और अभिलाषा अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर नशे के खिलाफ भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कवर्धा, रायपुर और बस्तर में बड़ी मात्रा में गांजा, नशीली सिरप और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी हुई है। बस्तर पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त 27 हजार किलोग्राम गांजा नष्ट किया जा चुका है और हजारों किलो गांजा नष्ट करने की प्रक्रिया जारी है।
बस्तर में 27 हजार किलो गांजा नष्ट
कवर्धा में एक मकान पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 11 किलो गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं सहसपुर लोहारा क्षेत्र में भी पुलिस ने गांजा के साथ एक आरोपी को दबोचा है। जिलेभर में गांजा बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह खुद कर रहे हैं। रायपुर पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीनयुक्त नशीली सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। गुढ़ियारी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 249 शीशी नशीली सिरप और एक मोबाइल जब्त किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार साहू के रूप में हुई है, जो दुर्ग जिले का रहने वाला है। वहीं बस्तर में नशे से जुड़े मामलों में जब्त सामग्रियों के नष्टीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अब तक 490 मामलों में जब्त करीब 27 हजार किलोग्राम गांजा नष्ट किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही 61 अन्य मामलों में जब्त 2234 किलोग्राम गांजा का नष्टीकरण किया जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। बस्तर पुलिस का कहना है कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त सामग्री को सीसीटीवी निगरानी में सेंट्रलाइज्ड स्टोर में सुरक्षित रखा जाता है। अब तक गांजे के साथ अफीम, टैबलेट, कैप्सूल और सिरप भी नष्ट किए गए हैं। बचे गांजा नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में नष्ट किया जाएगा।
70 लाख रुपए का अवैध शराब जब्त
वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर पुलिस चेक पोस्ट पर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर चोट की है। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में मध्यप्रदेश निर्मित शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक ट्रक में शराब की खेप मध्यप्रदेश के मुलताई से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ले जाई जा रही थी। मानपुर मुख्यालय के चेक पोस्ट पर वाहन की जांच के दौरान पुलिस को शराब की बड़ी खेप मिली। थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
NCRB के आंकड़े क्या कहते हैं ?
यह दर्शाता है कि प्रदेश में नशे का नेटवर्क कितना व्यापक है और पुलिस लगातार उसके खिलाफ अभियान चला रही है। इन लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच NCRB की ताजा रिपोर्ट छत्तीसगढ़ की तस्वीर को और गंभीर बनाती है। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2024 में प्रदेश में कुल 1 लाख 14 हजार 658 अपराध दर्ज किए गए। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। साल 2023 में जहां 8035 मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 8601 हो गई। दुष्कर्म के 1171 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि रेप के बाद हत्या के 5 मामले सामने आए हैं। (Crime Increased in Chhattisgarh)
पति और रिश्तेदारों ने की क्रूरता
दहेज हत्या के 89 मामले और पति या रिश्तेदारों के क्रूरता के 1217 मामले दर्ज हुए हैं। अपहरण के मामलों की संख्या भी 1171 रही, जो महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। हत्या के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2023 में जहां 958 हत्या के मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 1024 तक पहुंच गया। यानी एक साल में 66 अतिरिक्त हत्याएं दर्ज हुईं। हत्या के शिकार लोगों में 354 महिलाएं, 700 पुरुष और एक ट्रांसजेंडर शामिल है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि 18 साल से कम आयु के 376 बच्चे भी हत्या के मामलों में पीड़ित रहे। NCRB के आंकड़े यह भी बताते हैं कि हत्या के पीछे कई सामाजिक कारण जिम्मेदार हैं। जादू-टोना के शक में 60 हत्याएं दर्ज हुईं, जबकि अवैध संबंधों के कारण 29 और प्रेम प्रसंग के कारण 22 हत्याएं हुईं। यह वही कारण हैं जो हाल के दिनों में सामने आई कई घटनाओं में भी दिखाई देते हैं।
अपराध क्यों बढ़ रहे हैं ?
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते अपराधों के पीछे नशाखोरी, बेरोजगारी, पारिवारिक विघटन, सामाजिक तनाव, पुरानी रंजिश, सोशल मीडिया विवाद और तेजी से बदलता सामाजिक परिवेश बड़ी वजह बनकर उभरे हैं। पूर्व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित जांच, शीघ्र न्याय, कानून का सख्ती से पालन और समाज में कानून का भय बनाए रखना जरूरी है। ताजा घटनाओं और NCRB के आंकड़ों को एक साथ देखें तो तस्वीर साफ दिखाई देती है कि छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ नीचे नहीं, बल्कि ऊपर जा रहा है। हत्या, दुष्कर्म, महिला अपराध, साइबर ठगी और नशे से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी राज्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी ठोस प्रयासों की जरूरत महसूस की जा रही है। अगर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले सालों में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, नशा नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और त्वरित न्याय व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।



