छत्तीसगढ़ में आग का कहर, रायपुर से बिलासपुर तक एक ही दिन में कई जगहों पर आग का तांडव, करोड़ों की संपत्ति राख

Fire Incidents in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में शनिवार को आग लगने की घटनाओं ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी। राजधानी रायपुर में बैंक के जोनल कार्यालय में आग लगने से लेकर दुर्ग के धान खरीदी केंद्र, रायगढ़ के पेट्रोल पंप, बिलासपुर की शनिचरी सब्जी मंडी और सूरजपुर में ट्रैक्टर जलने तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आग की बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है और कई जिलों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट इलाके में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शनिवार सुबह करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई।
यह भी पढ़ें:- अपराध की गिरफ्त में छत्तीसगढ़! हत्या से दुष्कर्म तक…बढ़ते अपराधों ने बढ़ाई टेंशन, NCRB रिपोर्ट ने दिखाया डरावना सच
कार्यालय बंद होने के कारण शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन भवन से उठता धुआं देखकर राहगीरों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। बैंक के जोनल कार्यालय में महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जिसके नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एडीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय बंद था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
दुर्ग में धान खरीदी केंद्र में जले 510 क्विंटल धान
दुर्ग जिले के नंदनी क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में भीषण आग लगने से 510 क्विंटल धान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र के समीप खेत में खरपतवार नष्ट करने के लिए आग लगाई गई थी। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धान खरीदी केंद्र तक पहुंच गई। कुछ ही देर में धान के बोरों से धुआं उठने लगा और आग पूरे परिसर में फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दो दमकल वाहनों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। (Fire Incidents in Chhattisgarh)
रायगढ़ में पेट्रोल पंप पर धू-धू कर जली बाइक
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र स्थित राजीव गांधी चौक के एक पेट्रोल पंप में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हवा भरवाने के दौरान एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। पेट्रोल पंप परिसर में आग लगने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। (Fire Incidents in Chhattisgarh)
बिलासपुर की शनिचरी सब्जी मंडी में जली 15 दुकानें
न्यायधानी बिलासपुर के बुधवारी बाजार में दुकानों के जलने के बाद अब प्रसिद्ध शनिचरी सब्जी मंडी में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 14 से 15 आलू-प्याज, सब्जी और किराना दुकानें इसकी चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। रात करीब 2 बजे लगी इस आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक आग लगने से पहले बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी और शटर में करंट आने की शिकायत की गई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े आठ बजे बिजली विभाग के कर्मचारी फॉल्ट देखने पहुंचे थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल बिजली बंद कर लौट गए। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि अगर समय रहते शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।
सूरजपुर में बिजली तार की चपेट में आकर जला ट्रैक्टर
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर क्षेत्र के शिवनंदनपुर इलाके में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नीचे लटके बिजली तार की चपेट में आने से एक ट्रैक्टर में भीषण आग लग गई और वाहन बुरी तरह जल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से बिजली तार नीचे लटके हुए थे, लेकिन विभाग की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। प्रदेश में लगातार सामने आ रही अलग लगने की घटनाओं और दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बिलासपुर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नगर निगम को शहर के होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बड़े भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं।
बढ़ रही आग लगने की घटनाएं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जांच के दौरान भवनों के स्वीकृत नक्शे, पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग और फायर अलार्म सिस्टम की जांच की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आग लगने की अधिकांश घटनाओं के पीछे शॉर्ट सर्किट और क्षमता से ज्यादा बिजली लोड का उपयोग प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने नागरिकों और संस्थान संचालकों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। एक ही दिन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सामने आई आग की घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं शॉर्ट सर्किट की आशंका है तो कहीं लापरवाही और खराब व्यवस्थाएं हादसों की वजह बनती दिखाई दे रही हैं। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी बड़ी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन करोड़ों रुपए की संपत्ति और लोगों की मेहनत की कमाई जलकर राख हो गई। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हुई है।



