Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बढ़ती आत्महत्याएं चिंता का विषय, दुर्ग से जशपुर तक तीन दर्दनाक घटनाओं ने झकझोरा

Suicides Rise in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। दुर्ग, खैरागढ़ और जशपुर जिले से सामने आए तीन अलग-अलग मामलों ने एक बार फिर मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियों और सामाजिक दबाव के गंभीर पहलुओं को उजागर किया है। इनमें एक नवविवाहिता गर्भवती महिला, एक पुलिसकर्मी और एक युवती की मौत शामिल हैं। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खुर्सीपार क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान विजयलक्ष्मी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब 16 महीने पहले विजयलक्ष्मी ने शुभम प्रधान से लव मैरिज की थी। दोनों सुखद वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे थे। विजयलक्ष्मी तीन माह की गर्भवती भी थी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आग का कहर, रायपुर से बिलासपुर तक एक ही दिन में कई जगहों पर आग का तांडव, करोड़ों की संपत्ति राख

जानकारी के मुताबिक घटना वाली रात विजयलक्ष्मी की मां उससे मिलने आई थी और रात लगभग 8:30 बजे वापस लौट गईं। इसके बाद विजयलक्ष्मी घर के कामकाज में जुट गई। रात करीब 9:30 बजे उसने अपने ससुर से कहा कि वह पांच मिनट में वापस आ रही है और अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां विजयलक्ष्मी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

खैरागढ़ में प्रधान आरक्षक ने की आत्महत्या

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से भी आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। छुईखदान थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने अपने निवास पर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के दाऊचौरा स्थित घर में उनकी पत्नी ने सुबह उन्हें फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जशपुर जिले के कुनकुरी में हुए चर्चित आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती के शादीशुदा प्रेमी रविशंकर राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। (Suicides Rise in Chhattisgarh)

आरोपी के साथ रहना चाहती थी युवती

मामला 26 मई का है, जब 22 साल की नीलिमा लकड़ा ने कुनकुरी थाना परिसर में स्थित लगभग 70 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़कर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और युवती के मोबाइल, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच में सामने आया कि नीलिमा और रविशंकर राम के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। नीलिमा आरोपी के साथ रहना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने उसे यह कह दिया कि वह पहले से शादीशुदा है, दो बच्चों का पिता है और उससे सिर्फ समय बिताने के लिए बातचीत करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि युवती ने आरोपी से कहा था कि अगर वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा तो वह आत्महत्या कर लेगी। आरोप है कि इस पर रविशंकर ने उसे आत्महत्या कर लेने की बात कह दी थी। इसके बाद युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।

4 जून को युवती के प्रेमी को किया गया गिरफ्तार

घटना से एक दिन पहले आरोपी युवती को अपने साथ ले गया था, जहां उसकी पत्नी भी पहुंच गई और विवाद की स्थिति बन गई। बाद में आरोपी युवती को कुनकुरी में छोड़कर चला गया। अगले दिन युवती ने थाना परिसर के वायरलेस टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पूरे घटना, कॉल रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों के आधार पर रविशंकर राम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। 4 जून को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल और बाइक भी जब्त की है। कुनकुरी एसडीओपी विनोद मंडावी के मुताबिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। (Suicides Rise in Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ में आत्महत्या के बढ़ते मामले चिंता का संकेत

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। साल 2022 में भारत में कुल 1 लाख 64 हजार 33 आत्महत्या के मामले दर्ज हुए। छत्तीसगढ़ में साल 2022 के दौरान लगभग 5,000 से ज्यादा आत्महत्या के मामले दर्ज किए गए। आत्महत्या की प्रमुख वजहों में पारिवारिक समस्याएं, वैवाहिक विवाद, प्रेम संबंधों में तनाव, मानसिक अवसाद, आर्थिक दबाव और बीमारी शामिल रहे। NCRB के मुताबिक देश में रोजाना औसतन 450 से ज्यादा लोग आत्महत्या करते हैं। आत्महत्या के मामलों में युवा वर्ग और 18 से 30 एज ग्रुप सबसे ज्यादा प्रभावित श्रेणी में शामिल है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता, समय पर परामर्श और पारिवारिक सहयोग ऐसे मामलों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। दुर्ग, खैरागढ़ और जशपुर की घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि मानसिक तनाव और भावनात्मक संकट से जूझ रहे लोगों तक समय पर सहायता और परामर्श पहुंचाना आज की सबसे बड़ी सामाजिक जरूरत बन गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!