राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलीं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति
रायपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने आज रायपुर प्रवास के दौरान राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।
लोकभवन में राज्यपाल से हुई मुलाकात के दौरान पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर नेहरू राम निषाद, एम.एस. चंद्रकांति वर्मा तथा अमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
वहीं मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई मुलाकात में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साध्वी निरंजन ज्योति का आत्मीय स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया। दोनों के बीच पिछड़ा वर्ग के कल्याण, शैक्षणिक उन्नयन और सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज को लगातार लाभ पहुंचाया जा रहा है। साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका, कार्यप्रणाली और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के विकास से जुड़े विषयों पर केंद्र और राज्य सरकारों को सुझाव देने के साथ-साथ संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी भी करता है।
यह भी पढ़े :- मानसून की आहट: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश और आंधी के आसार



