Google Analytics —— Meta Pixel

मानसून की आहट: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश और आंधी के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम का रुख बदलने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में इसके प्रदेश के कई हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही दक्षिणी और उत्तरी जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चंद्रपुर में सर्वाधिक 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि देवभोग, बस्तर और नवागढ़ क्षेत्रों में भी बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिले अब भी भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हैं।

मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के साथ ही सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के आसपास सक्रिय विभिन्न मौसम प्रणालियों और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।

राजधानी रायपुर में भी रविवार को मौसम के करवट लेने के संकेत हैं। शहर में बादल छाने, आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल सकी है और गर्मी से निजात का इंतजार बना हुआ है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

यह भी पढ़े :- मृत घोषित युवक में लौटी सांसें! अंतिम संस्कार से पहले हिलने लगे हाथ-पैर, मचा हड़कंप

Back to top button
error: Content is protected !!