Google Analytics —— Meta Pixel

मृत घोषित युवक में लौटी सांसें! अंतिम संस्कार से पहले हिलने लगे हाथ-पैर, मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए गए युवक के शरीर में अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय हलचल होने लगी। युवक के हाथ-पैर हिलते देख परिजन और आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पुरानी भिलाई निवासी रामअवतार रात्रे बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित मित्तल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि युवक की पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इलाज के दौरान कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर परिजनों को सौंप दिया।

परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर युवक को लेकर जा रहे थे, तभी उसके शरीर में हलचल दिखाई दी। हाथ-पैर हिलने और प्रतिक्रिया मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल युवक को पानी पिलाया गया और बेहतर इलाज के लिए शासकीय अस्पताल मेकाहारा ले जाया गया।

हालांकि, परिजनों के मुताबिक मेकाहारा पहुंचने के कुछ समय बाद ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डॉक्टरों ने पर्याप्त जांच किए बिना युवक को मृत घोषित कर दिया। यदि समय रहते उचित उपचार और ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण घायल युवक को कई घंटों तक आवश्यक उपचार नहीं मिल सका, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर परिजनों ने जांच की मांग की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!