Google Analytics —— Meta Pixel

नकली होलोग्राम और लेबल के सहारे बिक रही थी शराब, बड़ा गिरोह बेनकाब

रायगढ़। जिले में नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने खरसिया क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब, डुप्लीकेट होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से शासन को आबकारी राजस्व का नुकसान पहुंच रहा था, वहीं लोगों के स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू अपने साथियों के साथ झारखंड, ओडिशा और अन्य राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट व अन्य पदार्थ मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। इसके बाद शराब को खाली ब्रांडेड बोतलों में भरकर नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर बाजार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था।

गायशाला से मिला नकली शराब का जखीरा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी के घर परिसर स्थित गायशाला और अन्य स्थानों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न नामी ब्रांडों की पैकिंग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शराब नकली और मिलावटी थी तथा उसे बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी।

कोरोना काल से संचालित था नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। गिरोह पुरानी शराब की बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर दोबारा पैक करता था।

240 लीटर नकली शराब जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 869 बोतलों में भरी करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार से आरोपियों को लगभग 2.16 लाख रुपये का लाभ होने वाला था।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश तेज कर दी है। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

अवैध कारोबारियों पर सख्ती जारी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नकली शराब बनाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़े :- जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग, बच्चे समेत 7 लोगों की मौत, दिल्ली का युवक चला रहा था फैक्ट्री

Back to top button
error: Content is protected !!