Google Analytics —— Meta Pixel

जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग, बच्चे समेत 7 लोगों की मौत, दिल्ली का युवक चला रहा था फैक्ट्री

Fire in Firecracker Warehouse: राजस्थान की राजधानी जयपुर में भीषण हादसा हुआ है, जहां खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के आयशा नगर तलाई इलाके में स्थित एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लगने से बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी भयावह थी कि अंदर काम कर रहे लोग जलते हुए बाहर निकले और सड़क पर तड़पते रहे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। आईटीआई कॉलेज के पास स्थित गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे। स्थानीय लोगों ने धमाकों की आवाज को सिलेंडर फटने जैसी बताया।

यह भी पढ़ें:- PoK में आरक्षित सीटों को लेकर हिंसा, अब तक 30 की मौत, भारत बोला- मानवाधिकार उल्लंघन पर जवाब दे पाकिस्तान

मृतकों में घाटगेट निवासी अब्दुल वाहिद (50), रहीम नगर निवासी बिलाल (30), समीर (20), अजीम उर्फ आविद, राबिल समेत दो अन्य शामिल हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में नासिर का एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है। एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आरके जैन के अनुसार नासिर और समीर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं, जबकि बिलाल 75 प्रतिशत और आदिब 65 प्रतिशत तक जले हुए हैं। कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद अंदर मौजूद मजदूर जान बचाने के लिए भागते हुए बाहर निकले, लेकिन अधिकांश लोग गंभीर रूप से झुलस चुके थे। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

स्थानीय निवासी ने बताया कि फैक्ट्री से लगातार पटाखों के फटने की आवाजें आ रही थी। लोगों ने तीन-चार लोगों को बाहर निकाला, लेकिन एक बच्चा बुरी तरह झुलसकर तड़प रहा था। उनका आरोप है कि प्रशासन करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। वहीं एक अन्य ने बताया कि लोगों को बचाने के प्रयास में उसका खुद का पैर भी झुलस गया। उसने बताया कि अंदर से एलपीजी सिलेंडर भी बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। जांच में सामने आया है कि जिस भवन में हादसा हुआ वह याकूब नाम के व्यक्ति का मकान है। मकान को दिल्ली निवासी फिरोज को किराए पर दिया गया था। पुलिस के मुताबिक फिरोज अपने साथी वसीम के साथ यहां अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री और गोदाम संचालित कर रहा था।

प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल

खोह नागोरियान थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मकान मालिक की पहचान बिजली बिल के आधार पर की गई है। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद रिहायशी इलाके में अवैध पटाखा गोदाम चलने को लेकर प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने घटना को सरकारी तंत्र की विफलता बताते हुए कहा कि आबादी क्षेत्र में बारूद का गोदाम चल रहा था और किसी जिम्मेदार अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं थी, यह बात मानना मुश्किल है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से संचालित हो रही थी। विधायक ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो कई लोगों की जान बच सकती थी। (Fire in Firecracker Warehouse)

कमिश्नर बोले- जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह पटाखे रखने का गोदाम प्रतीत होता है, जबकि फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित है। पूरे मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह का गोदाम पूरी तरह अवैध है। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, चाहे वह मकान मालिक हो, संचालक हो या कोई अधिकारी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जिस कॉलोनी में यह गोदाम संचालित हो रहा था, उसे अवैध कॉलोनी माना है। कलेक्टर संदेश नायक ने संबंधित तहसीलदार और पटवारी से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

हादसे ने खड़े किए कई सवाल

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जयपुर के इस अग्निकांड ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखा गोदाम और फैक्ट्री कैसे संचालित हो रही थी? प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी? सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसकी जिम्मेदारी है? इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे, लेकिन सात लोगों की मौत ने व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान जरूर लगा दिया है। (Fire in Firecracker Warehouse)

Back to top button
error: Content is protected !!