TMC को एक और बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने दिया इस्तीफा, उच्च सदन में ममता के पास अब सिर्फ 10 सदस्य

Rajyasabha MP Prakash Resigns: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी राजनीतिक उथल-पुथल थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही पिछले चार दिनों में तीन राज्यसभा सांसद पार्टी से दूरी बना चुके हैं, जिससे TMC नेतृत्व की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इससे पहले 10 जून को राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने अपना इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि उनके इस फैसले के पीछे व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों कारण हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहतीं जहां एक साथ दो नावों पर सवार रहना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें असम में सक्रिय राजनीति करनी है और उसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि फिलहाल वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हुई हैं।
यह भी पढ़ें:- प्रो. डॉ. आर. एन. विश्वकर्मा : इतिहास, संस्कृति और पुरातत्त्व के प्रखर विद्वान
सुष्मिता देव के इस्तीफे के दिन ही उनकी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया। वहीं 8 जून को पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे ने भी पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। लगातार हो रहे इस्तीफों का असर अब संसद में TMC की ताकत पर साफ दिखाई देने लगा है। राज्यसभा में पार्टी के 13 सांसद थे, जिनमें से तीन सांसदों के अलग होने के बाद अब ममता बनर्जी के पास सिर्फ 10 सांसद ही बचे हैं। इस बीच TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा कि सुष्मिता देव के इस्तीफे पर हमारी कोई टिप्पणी नहीं है। सुखेंदु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया और अब सुष्मिता देव ने भी इस्तीफा दे दिया है। अगर सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव ममता बनर्जी के उम्मीदवार के तौर पर तृणमूल कांग्रेस के चिन्ह पर जीतने के बावजूद इस्तीफा दे सकते हैं, तो बाकी लोग क्यों बने हुए हैं?
घोष ने आगे कहा कि अगर आप पार्टी के साथ सहमत नहीं हैं या आपको लगता है कि यह सही रास्ते पर नहीं है, तो आप अपनी सांसद की सीटें क्यों पकड़े हुए हैं और साथ ही सबको भाषण भी दे रहे हैं? कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सुष्मिता देव को लेकर कहा कि जहां अवसर मिलता है ये लोग वहीं दौड़ते हैं। किसी एक बड़े कांग्रेस नेता की बेटी होने के चलते हर जगह जान पहचान थी। उसका इस्तेमाल करते हुए कभी कांग्रेस पार्टी, कभी TMC, अब TMC से भाजपा, इन अवसरवादियों पर क्या कहना है। ये कहीं भी जा सकते हैं। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा में घटती संख्या सिर्फ संसदीय प्रतिनिधित्व का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष का संकेत भी है। लगातार बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने से यह सवाल उठने लगा है कि क्या TMC के भीतर नेतृत्व को लेकर गंभीर मतभेद मौजूद हैं। (Rajyasabha MP Prakash Resigns)

इस घटनाक्रम के बीच TMC नेतृत्व लगातार नुकसान को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है। 9 जून को ममता बनर्जी ने दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी, जबकि 10 जून को उनके भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी से मुलाकात की। इन बैठकों को विपक्षी एकता और राजनीतिक संकट से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि क्या राज्यसभा के बाद पार्टी में और बड़े चेहरे भी बगावत का रास्ता अपना सकते हैं या फिर नेतृत्व समय रहते स्थिति को संभालने में सफल होगा। लगातार इस्तीफों ने यह संकेत भी दिया है कि पार्टी के भीतर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। (Rajyasabha MP Prakash Resigns)



