Google Analytics —— Meta Pixel

TMC संकट पर विपक्ष का भारतीय जनता पार्टी पर वार, कहा- डराकर तोड़ी जा रही हैं पार्टियां, बागियों से बोले- पहले इस्तीफा दें, फिर पार्टी बदलें 

Opposition on TMC Crisis: तृणमूल कांग्रेस में जारी राजनीतिक संकट के बीच सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि पार्टी के करीब 20 सांसदों ने NDA को समर्थन देने का फैसला किया है। साथ ही इसे लेकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र भी सौंप दिया गया है। काकोली घोष के मुताबिक यह फैसला कई सांसदों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। काकोली घोष ने आगे कहा कि मेरे समेत TMC के लगभग 20 सांसदों ने NDA का समर्थन करने के अपने फैसले की जानकारी लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर दे दी है। घोष ने अपने फैसले को जनादेश से जोड़ते हुए कहा कि सांसदों ने जनता के निर्णय को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि भविष्य की हमारी राजनीतिक दिशा NDA के अनुरूप होनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें:- TMC में चरम पर अंदरूनी कलह, बागी खेमे ने दिखाई ताकत, पार्टी में इन 9 मोर्चों पर होगी असली जंग, पढ़ें पूरी खबर

इसे लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वे डरपोक, कायर लोग हैं। लोकतंत्र को लूटेरों ने लूटने का काम किया। डरा-धमकाकर पार्टी तोड़ी जा रही है। लड़ाई सीधी है और राहुल गांधी के अलावा और किसी में दम नहीं है कि वह इस लड़ाई को मजबूती से लड़ सके। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि TMC के लोगों को लड़ना चाहिए। लड़कर ही काम करें, जो लोग डर, घबरा रहे हैं उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और त्याग की भावना से काम करना चाहिए। पद छोड़ देना चाहिए, व्यक्तित्व बड़ा होना चाहिए। कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि ये इस देश का दुर्भाग्य है, जिस संविधान की हम बात करते हैं, बाबा साहेब अंबेडकर का वो संविधान, जिसे हम अपने माथे पर लगाते हैं और उस संविधान के तहत चुनकर आए हुए लोगों को भाजपा के लोग किस तरह से डराकर-धमकाकर ऐसा करने के लिए मजबूर करते हैं। (Opposition on TMC Crisis)

भाई जगताप ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

कांग्रेस नेता जगताप ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। आज वे मुख्यमंत्री बन चुके हैं। ये बातें लोकतंत्र के लिए घातक हैं और दुर्भाग्य से ये इन्हीं हथकंडों से अपनी सरकार बचा भी रहे हैं, मजबूत भी कर रहे हैं और बना भी रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अगर चुनाव के बाद के इस घटनाक्रम को देखें और जिस प्रकार से हमले हुए हैं तो पृष्ठभूमि ही बता रही है कि 20 सदस्य क्यों आए हैं। पहली बात, इन्हें ED, IT का डर तो नहीं है? दूसरी बात, कहीं इन्हें हमले का तो डर नहीं है? तीसरी बात, अगर इनका इतना बड़ा हृदय परिवर्तन हुआ है तो ये इस्तीफा दे दें, क्योंकि चुनाव ये ममता बनर्जी के नेतृत्व में जीते हैं। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने जो संविधान बनाया था वो बहुत सोच-समझकर बनाया था कि इस देश की क्या आवश्यकताएं हैं, लेकिन आज क्या हो रहा है कि कोई व्यक्ति जीत तो दूसरी पार्टी से दर्ज करता है, लेकिन शामिल भाजपा में हो जाता है। 

AAP नेताओं ने भी जताई चिंता

मंत्री हरपाल सिंह ने कहा कि यह देश के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। मैं समझता हूं कि जितनी भी विपक्षी पार्टियां हैं, उन्हें चुन-चुन कर भाजपा निशाना बना रही है। 140 करोड़ भारतीय एक दिन एकत्रित होकर भाजपा को इसका जवाब देंगे। पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस तरह से राजनीतिक दलों और राजनीतिक नेताओं की भुजाएं मरोड़कर, उनके सिर पर ED-CBI की तलवार लटकाकर, लोकतंत्र को खत्म करने का काम केंद्र सरकार और भाजपा कर रही है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे आगामी 10-20 सालों में हम देखेंगे कि लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और तथाकथित तानाशाही राज की ओर देश को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा क्योंकि यदि सत्ताधारी पार्टी के सामने कोई होगा ही नहीं तो लड़ने का काम कौन करेगा? ऐसे में एक ही दल राज करेगा। (Opposition on TMC Crisis)

शिवसेना UBT ने नैतिकता पर उठाए सवाल

शिवसेना UBT नेता अरविंद सावंत ने कहा कि जो शिवसेना के साथ किया गया, वही अब TMC के साथ हो रहा है। ये सब किसके बल पर होता है? अगर ममता बनर्जी इतनी ही गलत थीं तो उनके साथ TMC के बागी नेताओं ने चुनाव क्यों लड़ा? कुछ सांसद तो दो-दो टर्म तक सांसद रहे थे। अगर पार्टी इतनी ही गलत थी तो दूसरे पांच साल आपने उसी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव क्यों लड़ा? उसके बावजूद भी अगर आपको पार्टी छोड़ना है तो इस्तीफा देकर आपको दूसरी पार्टी में जाना चाहिए। अगर आपमें हिम्मत है तो इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी में जाएं और फिर वहां से चुनाव लड़ें। नैतिकता नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। यह बहुत बड़ी गिरावट है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि आज बंगाल में भाजपा सत्ता में है। उन्हें लोगों की सेवा करनी चाहिए और अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। इसके बजाय वे सत्ता हथियाने में ही लगे हुए हैं। जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, देश की मुख्य समस्याएं हल नहीं होंगी, भले ही वे लोकतंत्र को कमजोर करके सत्ता हासिल कर लें।

Back to top button
error: Content is protected !!