गरियाबंद में रिश्तों का खौफनाक अंत, भतीजों ने चाचा-चाची की हत्या कर श्मशान में दफनाए शव, सूरजपुर में बंद बोरे में लाश मिलने से सनसनी

Murder in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग जिलों से सामने आई हत्या की वारदातों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। गरियाबंद जिले में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि भतीजों ने अपने ही चाचा-चाची को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए दोनों के शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया। वहीं सूरजपुर जिले में एक सफेद बोरे के भीतर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। पहला मामला गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र का है, जहां राजापड़ाव के गरीबा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां भाई-भतीजों ने मिलकर अपने ही चाचा-चाची की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान राजाराम नेताम (45 साल) और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम (40 साल) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान को गति- वॉलेंटियर टीचर बनने वाले छात्रों को मिलेंगे 10 बोनस अंक
जानकारी के मुताबिक राजाराम नेताम सात भाइयों के परिवार से थे और सभी एक ही परिसर में रहते थे। हालांकि लंबे समय से उनका अपने भाइयों और भतीजों के साथ विवाद चल रहा था। परिवार के भीतर अक्सर झगड़े और मनमुटाव की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि 6 जून को एक बार फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद राजाराम के भाई लखीराम नेताम, भतीजे रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम ने मिलकर राजाराम और उनकी पत्नी पर डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने की कोशिश की। दोनों शवों को बोरों में भरकर रात के अंधेरे में गांव के श्मशान घाट ले जाया गया और वहां दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके। (Murder in Chhattisgarh)

श्मशान में नई कब्र देखकर हुआ खुलासा
करीब पांच दिनों तक यह हत्या राज बनी रही, लेकिन 11 जून को एक अन्य ग्रामीण की मौत के बाद मामला खुल गया। 11 जून को गांव के लोग एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। वहां उन्हें ताजा दफनाई गई संदिग्ध कब्र दिखाई दी। ग्रामीणों को शक हुआ, क्योंकि हाल के दिनों में गांव में किसी अन्य व्यक्ति की मौत नहीं हुई थी। इसी दौरान गांव से पिछले कई दिनों से लापता चल रहे राजाराम और आशो बाई की याद लोगों को आई। ग्रामीणों के शक के बीच आरोपियों में शामिल एक युवक ने सरपंच को पूरी घटना की जानकारी दे दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में श्मशान घाट में खुदाई कराई गई, जहां से पति-पत्नी के शव बरामद हुए। जांच में पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई के ही हैं। शवों का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
हत्या में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की उम्र 32 से 36 साल के बीच बताई जा रही है। थाना प्रभारी पवन वर्मा के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह के साथ घटना की विस्तृत जांच जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण कुमार उइके ने बताया कि मृतक दंपति का अपने ही परिवार के लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। 6 जून को हुए झगड़े के बाद आरोपियों ने डंडों से पीटकर दोनों की हत्या कर दी। दोनों शवों के अवशेषों को आगे की जांच के लिए रायपुर स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। इस दोहरे हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

सूरजपुर में बोरे में मिली युवक की लाश
इधर, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक रहस्यमयी मौत ने सनसनी फैला दी है। तिवरागुड़ी गांव के पास एक सफेद बोरे में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक संदिग्ध बोरा देखा। पास जाने पर उसमें से तेज बदबू आ रही थी। इसकी सूचना तत्काल गांव के सरपंच और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। जब बोरे को खोला गया तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला, जिसे रस्सियों से बांधा गया था। मृतक के सिर, चेहरे, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। शव की स्थिति देखकर मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 साल के बीच है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है। (Murder in Chhattisgarh)
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में भरकर यहां फेंका गया या फिर किसी सुनसान स्थान पर ठिकाने लगाने की कोशिश के दौरान आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के साथ-साथ आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ में सामने आए ये दोनों मामले कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक रिश्तों पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं। गरियाबंद में पारिवारिक विवाद ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि सूरजपुर में बोरे में मिली अज्ञात युवक की लाश एक नई हत्या की गुत्थी बनकर पुलिस के सामने है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



