छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर 10 करोड़ का गांजा जब्त, पाउडर की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी गांजे की खेप

Ganja Smuggling in Balrampur: छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए बलरामपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे बसंतपुर थाना क्षेत्र के धनवार चेकपोस्ट पर एक 16 चक्का ट्रक से लगभग 1,943 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में ट्रक मालिक और अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त ट्रक ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। मुखबिर और साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर बसंतपुर पुलिस पहले से अलर्ट थी। चेकपोस्ट पर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके भीतर बड़े पैमाने पर गांजा छिपाकर रखा गया था।
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ट्रक के निचले हिस्से में गांजे से भरी बोरियां रखी गई थीं और उनके ऊपर प्लास्टिक की बोरियों में पाउडरनुमा सामग्री भरकर लोड कर दी गई थी, ताकि सामान्य जांच में गांजे की खेप दिखाई न दे। लेकिन पुलिस को ड्राइवर और हेल्पर की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद विस्तृत तलाशी में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने ट्रक से 50 से ज्यादा बोरियों में भरा गांजा बरामद किया। इसके साथ ही करीब 50 लाख रुपए कीमत का ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। दरअसल, दिसंबर 2025 में बलरामपुर पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में ट्रक से करीब 12 क्विंटल गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस मामले की जांच के दौरान अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ था और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के लोकेश शर्मा का नाम सामने आया था। (Ganja Smuggling in Balrampur)

ओडिशा के सोनपुर से लोड हुआ था गांजा
पुलिस तभी से लोकेश शर्मा की तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। हाल ही में साइबर सेल को सूचना मिली कि लोकेश एक बार फिर ओडिशा से बड़ी खेप लेकर उत्तर प्रदेश जाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर धनवार चेकपोस्ट पर ट्रक को रोक लिया और उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा के सोनपुर जिले से ट्रक में लोड की गई थी। इसके बाद ट्रक छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर समेत कई जिलों और थानों को पार करते हुए बलरामपुर जिले के रास्ते उत्तर प्रदेश पहुंचने वाला था। हालांकि सीमा पार करने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के लोकेश शर्मा (46 साल) और मुजफ्फरनगर के आमिर उर्फ आमिष अंसारी (23 साल) को गिरफ्तार किया है। साथ ही दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जगदलपुर में भी गांजा तस्कर गिरफ्तार
SP वैभव बैंकर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक से लगभग 1,943 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज प्रकरण की जांच और साइबर इनपुट के आधार पर की गई। मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इधर, बस्तर जिले के जगदलपुर में भी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बोधघाट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नया बस स्टैंड के पीछे छापेमारी कर आरोपी शुभम प्रजापति को पकड़ा। जांच में पता चला कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर भोपाल जा रहा था। उसके कब्जे से 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 87 हजार रुपए बताई गई है। इन कार्रवाइयों से साफ है कि छत्तीसगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही है। खासकर ओडिशा से उत्तर भारत की ओर भेजी जाने वाली मादक पदार्थों की खेपों पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का मानना है कि हालिया कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।



