Google Analytics —— Meta Pixel

शिव-विष्णु कुछ नहीं कर सकते बयान के बाद बवाल, पास्टर और मकान मालिक जेल भेजे गए, दो घूंट पानी से हर बीमारी ठीक करने का करते थे दावा

Changai Sabha in Janjgir: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के उदयबंद गांव में आयोजित एक चंगाई सभा विवादों में है। दरअसल, हिंदू संगठन की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पास्टर और मकान मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोप है कि सभा में लोगों को बीमारियों के इलाज और चमत्कारी पानी के नाम पर बुलाकर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उदयबंद गांव के गुड़ीपारा इलाके का है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह बद्रीनाथ बरेठ के घर में चंगाई सभा का आयोजन किया गया था। सभा में गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर 10 करोड़ का गांजा जब्त, पाउडर की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी गांजे की खेप

हिंदू जागरण मंच को सभा की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आरोप लगाया कि सभा के माध्यम से लोगों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक सभा में ग्रामीणों को बीमारी के इलाज के नाम पर बुलाया गया था। वहां लोगों को बताया जा रहा था कि ईसा मसीह के नाम पर दिया गया चमत्कारी पानी पीने से गंभीर से गंभीर बीमारियां भी ठीक हो सकती हैं। आरोप है कि लोगों को यह पानी पिलाया जा रहा था और उन्हें धार्मिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। सभा के दौरान ईसा मसीह और बाइबल से जुड़ी धार्मिक पुस्तकें समेत साहित्य भी वितरित किए जा रहे थे। हिंदू संगठन का आरोप है कि कार्यक्रम के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। (Changai Sabha in Janjgir)

हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी

विवाद उस समय और बढ़ गया, जब सभा में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कहे जाने का आरोप सामने आया। शिकायत में कहा गया है कि पास्टर ने लोगों से कहा कि शिव, विष्णु और ब्रह्मा कुछ नहीं कर सकते, जबकि ईसा मसीह के नाम पर दिया गया दो घूंट पानी हर बीमारी को ठीक कर सकता है। हिंदू संगठन का दावा है कि इस बयान का वीडियो भी मौजूद है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज किया और सभा स्थल से धार्मिक साहित्य समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए।

जांच के बाद पुलिस ने पास्टर रथराम महिलांगे (38 साल) और मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 साल) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि उदयबंद गांव में एक घर में चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। जांच के दौरान पाया गया कि वहां ईसाई धर्म से संबंधित बाइबल और अन्य धार्मिक पुस्तकों का वितरण किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की शिकायत भी मिली है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले से जुड़े वीडियो, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

जांच जारी, वीडियो की भी पड़ताल

पुलिस अब वायरल वीडियो और जब्त किए गए धार्मिक साहित्य की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हिंदू संगठनों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पूरे घटनाक्रम के बाद उदयबंद गांव और आसपास के क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल सबसे बड़े सवाल यह है कि क्या चंगाई सभा के जरिए धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी? क्या वास्तव में चमत्कारी पानी से बीमारियां ठीक होने का दावा किया गया? हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो कितना प्रमाणिक है? पुलिस जांच में और कौन-कौन से तथ्य सामने आएंगे? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!