Google Analytics —— Meta Pixel

CIBIL स्कोर सुधारने और कमीशन का झांसा देकर 40 से ज्यादा छात्रों से 40 लाख की ठगी, आसान कमाई के सपने ने सिर पर चढ़ाया कर्ज

Fraud Against Students: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छात्रों और युवाओं को क्रेडिट स्कोर सुधारने और आसान कमाई का लालच देकर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर आरोपियों ने 40 से ज्यादा छात्रों को अपने जाल में फंसाकर उनके नाम पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराए और करीब 35 से 40 लाख रुपए की ठगी कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हिमांशु देवांगन और उनके साथियों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

यह भी पढ़ें:- TMC के 19 सांसदों के बगावती तेवर, दिल्ली में पार्टी दफ्तर पर भी संकट, ममता बनर्जी के सामने सबसे बड़ी चुनौती, पार्टी बचाएं या सियासी साख ?

शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने युवाओं और छात्रों को यह कहकर अपने साथ जोड़ा कि उनके नाम पर EMI के जरिए सामान फाइनेंस कराया जाएगा, जिससे उनका सिबिल स्कोर बेहतर होगा। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया कि उन्हें अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सभी EMI की रकम आरोपी खुद जमा करेंगे। आरोपियों ने हर फाइनेंस पर 2 से 3 हजार रुपए कमीशन देने का भी लालच दिया। इस झांसे में आकर कई छात्रों ने अपने आधार कार्ड, पहचान पत्र, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज आरोपियों को सौंप दिए। इन दस्तावेजों का उपयोग कर आरोपियों ने अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर समेत अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान छात्रों के नाम पर फाइनेंस करवा लिए।

EMI बंद होते ही खुली ठगी की पोल

शुरुआत में कुछ किश्तें समय पर जमा की गई और छात्रों को तय कमीशन भी दिया गया, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हो गया।पुलिस के मुताबिक अप्रैल महीने के बाद आरोपियों ने अचानक EMI जमा करना बंद कर दिया और फरार हो गए। इसके बाद फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट छात्रों के घर पहुंचने लगे और बकाया रकम जमा करने का दबाव बनाने लगे। तब पीड़ितों को एहसास हुआ कि उनके नाम पर लिए गए फाइनेंस की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर आ गई है और वे एक बड़े धोखाधड़ी गिरोह का शिकार बन चुके हैं।मामले में पुलिस ने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता हिमांशु देवांगन से आरोपियों ने 92 हजार रुपए अलग से भी ठगे हैं।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शर्मा, अनिरुद्ध सिंह और दीपक जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें से आरोपी दीपक जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ऋषभ शर्मा और अनिरुद्ध सिंह अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। यह मामला आसान कमाई, कमीशन और क्रेडिट स्कोर सुधारने जैसे लुभावने वादों के पीछे छिपे खतरे को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, संस्था या एजेंट को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज सौंपने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भविष्य में बड़ी आर्थिक और कानूनी परेशानी का कारण बन सकती है।

ऐसे रहें सावधान

  • कभी भी आसान कमाई के वादों पर भरोसा न करें और सावधान रहें।
  • क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर किसी के झांसे में न आएं।
  • अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक दस्तावेज और अन्य निजी दस्तावेज किसी अनजान को न दें।
  • किसी भी बैंक या फाइनेंस योजना को स्वीकार करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें।
  • कमीशन या अतिरिक्त लाभ देने वाली योजनाओं की पूरी पड़ताल करें।
  • बिना पढ़े और समझे किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर न करें।
  • अनजान ऑफर या निवेश योजनाओं पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
  • किसी भी तरह की धोखाधड़ी या शक होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
Back to top button
error: Content is protected !!