TMC के 19 सांसदों के बगावती तेवर, दिल्ली में पार्टी दफ्तर पर भी संकट, ममता बनर्जी के सामने सबसे बड़ी चुनौती, पार्टी बचाएं या सियासी साख ?

TMC MPs Rebellious Attitude: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस समय अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। पार्टी के 19 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक पत्र सामने आने के बाद टीएमसी में बड़ी टूट की चर्चा तेज हो गई है। एक ओर ममता समर्थक नेता बागी सांसदों पर निशाना साध रहे हैं, तो दूसरी ओर विपक्ष यह सवाल उठा रहा है कि आखिर अब ममता बनर्जी के साथ कितने सांसद खड़े हैं और इस स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है। दिल्ली में टीएमसी की मुश्किलें सिर्फ राजनीतिक मोर्चे तक सीमित नहीं हैं। राजधानी के डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित वह फ्लैट, जहां से लंबे समय तक टीएमसी का केंद्रीय कार्यालय संचालित होता था, अब पार्टी के पास नहीं है।
यह भी पढ़ें:- अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस, सूचना मिलते ही पहुंचीं ममता बनर्जी, जानिए पूरा मामला
यह फ्लैट पहले टीएमसी सांसद पार्थ भौमिक को आवंटित था, लेकिन राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद उन्हें दूसरा आवास आवंटित कर दिया गया। इसके बाद पार्टी को अपना केंद्रीय कार्यालय स्थानांतरित करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक अब टीएमसी का केंद्रीय कार्यालय पार्टी के एक राज्यसभा सांसद के सरकारी आवास से संचालित किया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे ममता बनर्जी की कमजोर होती संगठनात्मक स्थिति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इसी बीच टीएमसी के 19 लोकसभा सांसदों के अलग होने की खबरों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता और बढ़ा दी है। काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में शताब्दी रॉय, सायोनी घोष समेत कई बड़े नामों के इस समूह में शामिल होने की चर्चा है। ये वही चेहरे हैं, जो लंबे समय से ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते रहे हैं। (TMC MPs Rebellious Attitude)

सूत्रों के मुताबिक बागी सांसद रविवार को दिल्ली में एक डिनर बैठक करेंगे, जिसमें आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि यह समूह बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता से भी मुलाकात कर सकता है। वहीं सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर संसद में अलग बैठने की व्यवस्था और स्वतंत्र पहचान की मांग करने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही एनडीए को समर्थन देने पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि टीएमसी नेतृत्व ने इन घटनाक्रमों के पीछे बीजेपी की भूमिका होने का आरोप लगाया है। पार्टी सांसद कीर्ति आजाद ने बिना किसी का नाम लिए दावा किया कि जिन सांसदों के हस्ताक्षर सामने आए हैं, उन पर दबाव और धमकी बनाई गई थी। दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं का कहना है कि टीएमसी का जनाधार और नेतृत्व दोनों कमजोर हो रहे हैं और आने वाले दिनों में और सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं।

राजनीतिक संकट के बीच ममता बनर्जी की कानूनी परेशानियां भी बढ़ती नजर आ रही हैं। कोलकाता में उनके खिलाफ भड़काऊ और सांप्रदायिक भाषण से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटनाक्रम ने बीजेपी को विपक्ष और पार्टी नेतृत्व पर हमला करने का नया मौका दे दिया है। इस बीच पार्टी के भीतर उठे संकट के साथ ही अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। हाल ही में वे कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी के सामने पेश हुए थे। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी उनके जवाबों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और मामले में आगे की कार्रवाई की संभावना बनी हुई है। ऐसे में ममता बनर्जी के सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। एक तरफ पार्टी में बढ़ती बगावत और संगठनात्मक टूट को संभालना है, तो दूसरी ओर परिवार और करीबी सहयोगियों से जुड़े कानूनी विवादों का सामना करना है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि ममता बनर्जी अपनी पार्टी को एकजुट रख पाती हैं या टीएमसी का यह राजनीतिक संकट और गहरा होता है। (TMC MPs Rebellious Attitude)



