Google Analytics —— Meta Pixel

फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर PM नरेंद्र मोदी, G7 समिट में भारत की आवाज करेंगे बुलंद, भारत इनोवेट्स 2026 का भी करेंगे उद्घाटन

PM Modi France Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की 6 दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। 13 से 18 जून तक चलने वाले इस दौरे में प्रधानमंत्री फ्रांस के नीस, एवियन और पेरिस के साथ-साथ स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। साथ ही 16-17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की सामरिक दृष्टि में फ्रांस का विशेष स्थान है। उन्होंने याद दिलाया कि इसी साल राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘विशेष वैश्विक सामरिक साझेदारी’ के स्तर तक पहुंचाया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ फरवरी के बाद हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और सहयोग के अगले चरणों पर चर्चा होगी।

यह भी पढे़ं:- केंद्र-राज्य समन्वय से विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री साय

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों 14 जून को फ्रांस के नीस स्थित पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की इस पहल को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भारत के 120 स्टार्टअप, 15 उच्च शिक्षण संस्थान और 500 से ज्यादा वैश्विक निवेशक, वेंचर कैपिटल फर्म, उद्योगपति और कॉरपोरेट प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन में एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण समेत 13 प्रमुख क्षेत्रों के नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह आयोजन भारतीय स्टार्टअप्स और डीप-टेक नवोन्मेषकों को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसके माध्यम से अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी सहयोग, निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय विस्तार के नए अवसर खुलेंगे। (PM Modi France Tour)

स्लोवाकिया पहुंचने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

नीस के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14-15 जून को स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। साल 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। इसे दोनों देशों के संबंधों में एक ऐतिहासिक पड़ाव माना जा रहा है। ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे। वार्ता में व्यापार, निवेश, विनिर्माण, तकनीकी सहयोग और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री को स्लोवाकिया के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक नेताओं से मिलने का अवसर भी मिलेगा। स्लोवाकिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन पहुंचेंगे, जहां 16 और 17 जून को आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह लगातार आठवां अवसर होगा, जब भारत को G7 सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि G7 में भारत की उपस्थिति वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और साझेदार देशों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत इस मंच पर सिर्फ अपने राष्ट्रीय हितों की बात नहीं करेगा, बल्कि ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को भी मजबूती से उठाएगा। (PM Modi France Tour)

पेरिस में विवाटेक सम्मेलन में होंगे शामिल

विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज के मुताबिक फ्रांस की अध्यक्षता में आयोजित इस साल के G7 सम्मेलन में वैश्विक आर्थिक असंतुलन कम करने, साझा विकास को बढ़ावा देने, महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, बड़े भू-राजनीतिक संकटों के समाधान और संगठित अपराध के खिलाफ सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को पेरिस में आयोजित ‘विवाटेक 2026’ में भी हिस्सा लेंगे। विवाटेक यूरोप का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप सम्मेलन माना जाता है। इस बार इसमें भारत का सबसे बड़ा राष्ट्रीय पवेलियन स्थापित किया जाएगा, जो भारतीय और यूरोपीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के बीच बढ़ती साझेदारी का प्रतीक होगा। पेरिस में प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाते रहे हैं। PM मोदी ने विश्वास जताया कि फ्रांस और स्लोवाकिया की यह यात्रा यूरोप, यूरोपीय संघ और G7 देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि यह दौरा सहयोग के नए क्षेत्रों को खोलेगा और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा। वहीं भारत इनोवेट्स 2026 जैसे आयोजन भारत को नवाचार, प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!