छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक पहुंचा मानसून, UP-झारखंड में बारिश और बिजली गिरने से 12 की मौत

Monsoon Reaches Chhattisgarh Border: दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के भीतर मानसून के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। 4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून महज 9 दिनों में देश के 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। वहीं देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजस्थान समेत 9 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश और झारखंड में खराब मौसम जानलेवा साबित हुआ है। उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 लोगों की जान चली गई। इस तरह दोनों राज्यों में कुल 12 लोगों की मौत दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें:- मच्छर काटने को न समझें मामूली, हर साल लाखों जिंदगियों पर पड़ रहा भारी, जानिए कैसे बचाएं अपनी जान ?
शनिवार शाम मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के तार टूटकर गिर पड़े। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई शहरों में काले बादलों ने डेरा डाल रखा है और तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। राजस्थान के अजमेर में पूरे शहर के ऊपर घने काले बादल छाए रहे, जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। श्रीनगर के लाल चौक में भी तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में और गिरावट आई। प्रयागराज और लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में धूलभरी आंधी चली, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। (Monsoon Reaches Chhattisgarh Border)
19 राज्यों तक पहुंच चुका मानसून
बिहार की राजधानी पटना में धूलभरी आंधी चली। वहीं सासाराम में बारिश के बाद एसडीओ कार्यालय परिसर में पानी भर गया। हरियाणा के फरीदाबाद में बारिश के दौरान एक मकान का हिस्सा गिर गया। कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 13 जून तक मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में पहुंच चुका है। विभाग का अनुमान है कि 14 जून से 5 जुलाई के बीच मानसून छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख तक पहुंच जाएगा। (Monsoon Reaches Chhattisgarh Border)
8 राज्यों में अब भी गर्मी का कहर
एक तरफ बारिश का दौर जारी है, तो दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के यवतमाल में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42 डिग्री, गुजरात के भावनगर में 41.9 डिग्री और राजस्थान के जैसलमेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के 26 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और कोंकण-गोवा क्षेत्र में उमस भरे मौसम की संभावना जताई गई है।
19 जून तक बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में 19 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 जून तक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 जून के बीच लगातार बारिश के आसार है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 और 19 जून को बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 17 जून और 19 जून को बारिश के आसार है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज हवाएं चल सकती हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। (Monsoon Reaches Chhattisgarh Border)
देशभर में मौसम का बदला मिजाज
मानसून की तेज प्रगति और सक्रिय प्री-मानसून गतिविधियों के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां एक ओर बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। देशभर में मानसून की रफ्तार लगातार बढ़ रही है और अगले कुछ दिनों में इसके मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में पहुंचने की संभावना है। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



