CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतों का सैलाब, 7 दिन में 17 हजार से ज्यादा आवेदन, जमीन, बिजली, पानी और सड़क जनता की सबसे बड़ी परेशानी

CM Helpline Complaint: छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतों का अंबार लग गया है। 9 जून को शुरू हुई इस हेल्पलाइन पर 15 जून दोपहर 1:30 बजे तक कुल 17,321 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से सिर्फ 190 शिकायतों का निराकरण हो पाया है, जबकि 17,131 शिकायतें अभी भी लंबित हैं। हेल्पलाइन के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में जमीन, सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और राशन जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई हैं। बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा ले रहे हैं। हेल्पलाइन शुरू होने के महज 7 दिनों के भीतर शिकायतों की संख्या ने प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत भी सामने ला दी है।
यह भी पढ़ें:- Balodabazar News : रिश्वतखोरी के आरोप में बैंक शाखा प्रबंधक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने लिया बड़ा एक्शन
विभागवार उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 2,470 शिकायतें राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित हैं। इनमें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भू-अभिलेख सुधार, जमीन विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामले प्रमुख हैं। दूसरे नंबर पर नगरीय प्रशासन और विकास विभाग है, जहां 2,058 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। ऊर्जा विभाग से संबंधित 1,921 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराब होने और ज्यादा बिजली बिल जैसी समस्याएं प्रमुख हैं। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी 1,509 शिकायतें, खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़ी 1,235 शिकायतें भी हेल्पलाइन तक पहुंची हैं। (CM Helpline Complaint)
आम लोगों की जिंदगी से जुड़े मुद्दे
CM हेल्पलाइन पर दर्ज अधिकांश शिकायतें सीधे तौर पर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी हैं। जमीन संबंधी विवाद, सड़क और नाली निर्माण, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और राशन वितरण जैसी समस्याएं सबसे ज्यादा सामने आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का विभागवार विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि जवाबदेही तय कर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी पहले ही कह चुके हैं कि सरकार नागरिक-केंद्रित सुशासन और जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। CM हेल्पलाइन 1076 का उद्देश्य प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ समाधान सुनिश्चित करना है। (CM Helpline Complaint)

CM हेल्पलाइन 1076 पर सिर्फ सात दिनों में 17 हजार 321 शिकायतों का पहुंचना दो तस्वीरें दिखाता है। पहली- लोगों को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का एक सीधा और भरोसेमंद मंच मिला है। दूसरी- प्रदेश में जमीन, बिजली, पानी, सड़क, नाली और राशन जैसी बुनियादी समस्याएं अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं, लेकिन असली सवाल आंकड़ों का नहीं, समाधान का है। क्योंकि 17 हजार से ज्यादा शिकायतों के मुकाबले महज 190 मामलों का निराकरण हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह तय होगा कि CM हेल्पलाइन जनता की उम्मीदों का मजबूत सहारा बनती है या फिर शिकायतों के बढ़ते आंकड़े सिस्टम की कमियों को ही उजागर करते रहेंगे। फिलहाल 1076 पर बजती हर घंटी सरकार के सुशासन मॉडल की परीक्षा ले रही है और प्रदेश की जनता जवाब का इंतजार कर रही है।




