Google Analytics —— Meta Pixel

CM हेल्पलाइन 1076 पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बताया सरकार की विफलता, बीजेपी बोली- जनता का बढ़ा भरोसा

Politics on CM Helpline: छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतों की बढ़ती संख्या अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है। 9 जून को शुरू हुई हेल्पलाइन पर 15 जून दोपहर 2 बजे तक 17,390 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से सिर्फ 190 शिकायतों का निराकरण हुआ है, जबकि 17,200 शिकायतें लंबित हैं। इन आंकड़ों के सामने आने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस जहां इसे सरकार की विफलता बता रही है, वहीं भाजपा इसे जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बता रही है।

यह भी पढ़ें:- CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतों का सैलाब, 7 दिन में 17 हजार से ज्यादा आवेदन, जमीन, बिजली, पानी और सड़क जनता की सबसे बड़ी परेशानी

प्रदेश में सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन, नामांतरण, सीमांकन, सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और राशन वितरण जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग से सबसे ज्यादा 2470 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इसके बाद नगरीय प्रशासन विभाग में 2058, ऊर्जा विभाग में 1921, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग में 1509 और खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग में 1235 शिकायतें दर्ज की गई हैं। CM हेल्पलाइन पर शिकायतों की बाढ़ को लेकर पूर्व संसदीय सचिव और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के बाद हेल्पलाइन में हजारों शिकायतें आना इस बात का प्रमाण है कि लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। (Politics on CM Helpline)

सुशासन तिहार महज एक ड्रामा: विकास उपाध्याय 

विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में चलाया गया सुशासन तिहार महज एक ड्रामा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसी भी विभाग का मंत्री, जनप्रतिनिधि या अधिकारी काम करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय नियमित जनदर्शन होता था, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता था। भाजपा सरकार ने जनदर्शन इसलिए बंद कर दिया, क्योंकि वहां जनता सीधे सवाल पूछ रही थी। कांग्रेस का कहना है कि अगर सरकार वास्तव में सुशासन दे रही होती तो इतने कम समय में हजारों शिकायतें दर्ज नहीं होतीं। विपक्ष का आरोप है कि जनता अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार परेशान है और उन्हें समाधान के लिए अलग-अलग मंचों का सहारा लेना पड़ रहा है। (Politics on CM Helpline)

जनता को सरकार पर भरोसा: डिप्टी CM अरुण साव

कांग्रेस के आरोप पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि पिछले ढाई सालों में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक गारंटी को पूरा करने का काम किया है। सरकार की योजनाओं और कामकाज में पारदर्शिता आई है, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा है। साव ने कहा कि जनता को विश्वास है कि उनकी बात सुनी जाएगी और उस पर कार्रवाई होगी। इसी भरोसे के कारण बड़ी संख्या में लोग CM हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अपनी शिकायतें और सुझाव सरकार तक पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस के तंज पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का जनता से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस इस व्यवस्था की भावना को समझ ही नहीं सकती। जनता को कांग्रेस से कभी उम्मीद नहीं थी, जबकि भाजपा सरकार से लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा। इसी वजह से लोग खुलकर अपनी बातें सरकार तक पहुंचा रहे हैं।

शिकायतों की संख्या पर दो नजरिए

CM हेल्पलाइन पर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज होने को लेकर दो अलग-अलग नजरिए सामने आ रहे हैं। कांग्रेस इसे प्रशासनिक विफलता और जमीनी समस्याओं का प्रमाण बता रही है। विपक्ष का कहना है कि अगर सरकार का सुशासन मॉडल प्रभावी होता तो जमीन, सड़क, पानी, बिजली और राशन जैसी बुनियादी समस्याओं से जुड़ी शिकायतों का अंबार नहीं लगता। वहीं सरकार और प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि शिकायतों की ज्यादा संख्या को पूरी तरह नकारात्मक नहीं माना जाना चाहिए। यह इस बात का भी संकेत है कि लोगों को अपनी समस्याएं दर्ज कराने का एक सुलभ और प्रभावी मंच मिला है। पहले जिन मामलों में लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वे अब सीधे राज्य स्तरीय निगरानी प्रणाली तक पहुंच रहे हैं। (Politics on CM Helpline)

अब समाधान पर टिकी नजरें

विशेषज्ञों का कहना है कि विभागवार शिकायतों का डेटा सरकार को यह समझने में मदद करेगा कि किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा सुधार की जरूरत है और कहां जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है। हालांकि पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल शिकायतों की संख्या नहीं, बल्कि उनके समाधान की गति और गुणवत्ता है। 17,390 शिकायतों के मुकाबले सिर्फ 190 शिकायतों का निराकरण होना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी करता है। अगर शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान होता है तो CM हेल्पलाइन 1076 सुशासन का मजबूत मॉडल बन सकती है, लेकिन अगर बड़ी संख्या में शिकायतें लंबित रहती हैं तो जनता का भरोसा कमजोर पड़ सकता है। फिलहाल CM हेल्पलाइन 1076 छत्तीसगढ़ में सुशासन, जवाबदेही और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सबसे बड़ी परीक्षा बनकर उभरी है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि यह मंच सिर्फ शिकायत दर्ज करने का माध्यम बनकर रह जाता है या वास्तव में लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी जरिया साबित होता है।

Back to top button
error: Content is protected !!