Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया में खौफनाक वारदात, बदमाशों ने भाजपा नेता और उनके भाई को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, रेत कारोबार विवाद में डबल मर्डर

Double Murder in Koriya: कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को उनकी फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाकर मार दिया। इस हमले में उनके भाई नागेंद्र सिंह समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनमें से नागेंद्र सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव की है। आरोप है कि देर रात करीब 12 बजे कुछ हमलावर भरत सिंह के घर के सामने पहुंचे और उनकी फॉर्च्यूनर कार को घेर लिया। बताया जा रहा है कि कार के सामने डंपर खड़ा कर उसका रास्ता रोक दिया गया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

यह भी पढ़ें:- शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला लभांडी में नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ

घटना के समय कार में भरत सिंह, उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर के वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया, जिसके चलते सभी आग की चपेट में आ गए। आग इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भरत सिंह की मौत हो चुकी थी। घटना में गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य घायल को पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया। इस बीच नागेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। इस तरह घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। (Double Murder in Koriya)

प्रारंभिक जांच में यह मामला रेत घाट और अवैध रेत कारोबार के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक नौगई रेत घाट का ठेका भरत सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे के पास था। रेत खनन और परिवहन को लेकर लंबे समय से दूसरे पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार और भरत सिंह पक्ष के बीच रेत कारोबार को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा था। दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद एक पक्ष ने FIR दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि उसी विवाद में यह खूनी वारदात हुई। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल से जली हुई फॉर्च्यूनर, वाहन के टूटे हिस्से, चप्पलें और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने का काम जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के IG दीपक झा देर रात ही घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की समीक्षा की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।भाजपा नेता और उनके भाई की मौत के बाद सोनहत और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह सोनहत क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उनकी क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी।

वे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र सिंहदेव के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। उनकी हत्या के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। पुलिस के मुताबिक मामला बेहद संवेदनशील है। प्रारंभिक तौर पर रेत कारोबार को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। फिलहाल पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। इस दोहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक खुद सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेता थे और राज्य में भी भाजपा की ही सरकार है। ऐसे में विपक्ष को सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। (Double Murder in Koriya)

वहीं यह घटना इस सवाल को भी जन्म दे रही है कि जब सत्ताधारी दल के नेताओं की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस  हत्याकांड के दोषियों तक कितनी जल्दी पहुंचा जाता है और कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कैसे दिया जाता है। अब देखना होगा कि भाजपा सरकार इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के आरोपियों पर कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है। कोरिया की इस घटना ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अब यह मामला सिर्फ हत्या का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की परीक्षा भी बन गया है। (Double Murder in Koriya)

Back to top button
error: Content is protected !!