कोरिया में बदमाशों ने भाजपा नेता समेत दो लोगों को जिंदा जलाकर मारा, सियासत भी गरमाई

Politics on Koriya Double Murder: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में हुई वारदात से सनसनी फैल गई है। बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिसमें भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भारत सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में उनकी मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे उनके भाई की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक सोनहत क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर को निशाना बनाते हुए उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भारत सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके भाई और एक शिक्षक भी आग की चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें:- कोरिया में खौफनाक वारदात, बदमाशों ने भाजपा नेता और उनके भाई को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, रेत कारोबार विवाद में डबल मर्डर
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन भारत सिंह की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिक्षक समेत दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।प्रारंभिक जांच में पूरी घटना को रेत कारोबार और उसके वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस बल को इलाके में तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। (Politics on Koriya Double Murder)
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
इस मामले में कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में रेत कारोबार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत के व्यापार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच गैंगवार की स्थिति है। रेत कारोबार के वर्चस्व की लड़ाई में एक भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा नेता की हत्या कर दी। सत्ता के संरक्षण में रेत का खूनी खेल और कारोबार चल रहा है। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि घटना की निष्पक्ष और पूरी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की पूरी जांच होगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना पर राजनीतिक बयानबाजी करना दुर्भाग्यजनक है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश का अपराधीकरण किया था और अब इस घटना का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पलटवार
वहीं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक लल्ला सिंह नाम के व्यक्ति की कार में आग लगाई गई थी और पूरे मामले की तस्दीक पुलिस की ओर से की जा रही है। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भी कई गैंगवार की घटनाएं हुई हैं। कांग्रेस बिना तथ्य के आरोप लगाने की राजनीति कर रही है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटना के पीछे की असली वजह, आरोपियों की पहचान और रेत कारोबार से जुड़े एंगल की जांच की जा रही है। दो लोगों की मौत के बाद पूरे जिले में इस घटना को लेकर भारी चर्चा है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।



