Google Analytics —— Meta Pixel

15 जुलाई से लागू होगा भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, व्हिस्की और लग्जरी कारें होंगी सस्ती, कई विदेशी उत्पादों के घटेंगे दाम

India UK Free Trade Agreement: भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच हुआ व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) अब 15 जुलाई 2026 से लागू होने जा रहा है। इस समझौते के लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार पर लगने वाले कई टैरिफ खत्म या बेहद कम हो जाएंगे। इसका सीधा फायदा भारतीय उपभोक्ताओं और निर्यातकों दोनों को मिलेगा। भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के तहत भारत के लगभग 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन के बाजार में जीरो टैरिफ के साथ प्रवेश मिलेगा। वहीं ब्रिटेन से आने वाले अधिकांश उत्पादों पर भारत में लगने वाला औसत शुल्क 15 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह जाएगा। सरकार का मानना है कि इस समझौते से 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना होकर 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें:- मानसून की देरी ने बढ़ाई किसानों की चिंता, मध्य प्रदेश-यूपी में बोवनी पर असर, राजस्थान में 25 जून बाद बारिश के आसार

भारत में क्या-क्या होगा सस्ता ?

समझौते के बाद ब्रिटेन से आयात होने वाले कई उत्पादों की कीमतों में कमी आने की संभावना है। स्कॉच व्हिस्की और जिन पर लगने वाला शुल्क 150 प्रतिशत से घटकर 75 प्रतिशत होगा, जिसे आगे चलकर 40 प्रतिशत तक लाया जाएगा। जगुआर लैंड रोवर और रोल्स-रॉयस जैसी ब्रिटिश लग्जरी कारों पर टैरिफ 100 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत तक आ सकता है। सैल्मन, मटन, चॉकलेट, बिस्किट और अन्य खाद्य उत्पाद सस्ते हो सकते हैं। कॉस्मेटिक्स, मेडिकल उपकरण और एयरोस्पेस पार्ट्स की कीमतों में भी कमी आने की संभावना है। ब्रिटिश ब्रांडेड कपड़े, फुटवियर, फर्नीचर और होमवेयर उत्पाद भी पहले की तुलना में कम कीमत पर मिल सकते हैं। (India UK Free Trade Agreement)

दोनों देशों के व्यापार को मिलेगा बड़ा बूस्ट

साल 2024 में भारत और ब्रिटेन के बीच करीब 4.6 लाख करोड़ रुपए का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था। इसमें भारत का निर्यात लगभग 2.75 लाख करोड़ रुपये और ब्रिटेन का निर्यात करीब 1.85 लाख करोड़ रुपए रहा। भारत से ब्रिटेन को केमिकल्स, रेडीमेड कपड़े, ऑटो पार्ट्स, खिलौने, समुद्री उत्पाद और रत्न-आभूषण निर्यात किए जाते हैं। वहीं ब्रिटेन से भारत में व्हिस्की, जिन, मेडिकल डिवाइस, कॉस्मेटिक्स और खाद्य उत्पाद आयात होते हैं। G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समझौते को भारत-यूके संबंधों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों, श्रमिकों, एमएसएमई, स्टार्टअप और इनोवेटर्स के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

क्या होता है फ्री ट्रेड एग्रीमेंट ?

PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत-UK संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर। यह जानकर खुशी हुई कि भारत-UK व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से लागू होगा। यह समझौता हमारे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को काफी बढ़ावा देगा। इससे भारतीय किसानों, श्रमिकों, MSME, स्टार्टअप और इनोवेटर्स के लिए कई अवसर खुलेंगे और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। G7 शिखर सम्मेलन के लिए एवियन में मौजूद PM स्टार्मर और मैं दोनों ही हमारे आर्थिक संबंधों को मिल रही इस नई गति से बहुत खुश हैं। बता दें कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) दो देशों के बीच किया जाने वाला ऐसा समझौता होता है, जिसमें व्यापार को आसान बनाने के लिए आयात-निर्यात शुल्क और अन्य बाधाओं को कम या समाप्त किया जाता है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाना होता है।

Back to top button
error: Content is protected !!