Google Analytics —— Meta Pixel

CM हाउस में मंत्रियों की बैठक पर कांग्रेस का हमला, कहा- भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर मची है उथल-पुथल

Congress on Ministers Meeting: मुख्यमंत्री निवास में देर रात आयोजित मंत्रियों की बैठक को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि यह बैठक सरकार के कामकाज की समीक्षा के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के भीतर बढ़ते असंतोष और संभावित बगावत को शांत करने के लिए बुलाई गई थी। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले करीब एक पखवाड़े से प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं चल रही थी। राजनीतिक गलियारों में यह बात कही जा रही थी कि सरकार में बड़े स्तर पर बदलाव हो सकता है और कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं।

यह भी पढ़ें:- मंत्रियों को अचानक बुलावा, CM हाउस में आधी रात तक चली बैठक, जानिए क्या था एजेंडा ?

शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल फेरबदल की बातें एक पखवाड़े से चल रही थी। कहा जा रहा था कि मंत्रियों को बदला जाएगा। जब इस बात की जानकारी मंत्रियों को मिली तो वो लामबंद हो गए। डैमेज कंट्रोल के लिए आनन-फानन में मुख्यमंत्री निवास में सारे मंत्रियों को बुलाया गया। सरकार के अंदर बहुत विस्फोटक स्थिति बन चुकी है। हेलीकॉप्टर भेजकर मंत्रियों को बुलाया गया है। ऐसी कोई आपात स्थिति नहीं थी, जिससे हेलीकॉप्टर भेजकर बुलाया जाए। छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बीजेपी के अंदर उथल पुथल मचा हुआ है। इसका परिणाम कल की बैठक थी। बगावत की बात सामने आते ही डैमेज कंट्रोल के लिए यह बैठक बुलाई गई। (Congress on Ministers Meeting )

नेतृत्व परिवर्तन को लेकर भाजपा में मचा है घमासान: कांग्रेस

कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा कि अगर सरकार के भीतर सब कुछ सामान्य होता तो इस तरह की हड़बड़ी और गोपनीयता की आवश्यकता नहीं पड़ती। सुशील आनंद ने कहा कि भाजपा के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं और इसी वजह से पार्टी के अंदर उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक उसी राजनीतिक अस्थिरता का परिणाम है। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार रात मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक को लेकर सरकार की ओर से कहा गया है कि इसमें सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना और सरकार-संगठन के बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। हालांकि कांग्रेस ने इस बैठक के पीछे भाजपा की अंदरूनी राजनीति को वजह बताया है। अब कांग्रेस के आरोपों और भाजपा के दावों के बीच इस बैठक को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना रह सकता है।

नाम विभाग
विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री- सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विमानन, सुशासन-अभिसरण, इलेक्ट्रॉनिक्स-सूचना प्रौद्योगिकी, जन शिकायत-निवारण और अन्य अनावंटित विभाग
अरुण साव डिप्टी CM- लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन-विकास, खेल और युवा कल्याण
विजय शर्मा डिप्टी CM- गृह, जेल, पंचायत-ग्रामीण विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी
रामविचार नेताम आदिम जाति विकास, कृषि विकास और किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन विकास
दयालदास बघेल खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण
केदार कश्यप वन और जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य
लखनलाल देवांगन वाणिज्य और उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी, श्रम
श्याम बिहारी जायसवाल लोक स्वास्थ्य-परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विकास, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन
ओपी चौधरी वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास-पर्यावरण, योजना, आर्थिक और सांख्यिकी
लक्ष्मी राजवाड़े महिला और बाल विकास, समाज कल्याण
टंकराम वर्मा राजस्व और आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा
गजेंद्र यादव स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि और विधायी कार्य
गुरु खुशवंत साहेब कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार, अनुसूचित जाति विकास
राजेश अग्रवाल पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास और धर्मस्व
Back to top button
error: Content is protected !!