जुलाई में IIM में होगा साय सरकार का चिंतन शिविर 3.0, मुख्यमंत्री समेत पूरी कैबिनेट लेगी प्रशिक्षण, कांग्रेस ने साधा निशाना

Sai Government Chintan Shivir: छत्तीसगढ़ में सुशासन, प्रशासनिक दक्षता और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में साय सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। जुलाई महीने में नवा रायपुर स्थित IIM में दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य शामिल होंगे। सरकार का दावा है कि इस प्रशिक्षण शिविर के जरिए मंत्रियों को आधुनिक प्रशासन, नीति निर्माण और जनसेवा से जुड़े नए आयामों की जानकारी मिलेगी, वहीं विपक्ष इसे सरकार के प्रदर्शन पर सवालों से जोड़कर देख रहा है।
यह भी पढ़ें:- कलेक्टर की पहल पर जिले में नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया को लेकर चलाएं जा रहा है विशेष किसान जागरूकता अभियान
सरकार के मुताबिक चिंतन शिविर का उद्देश्य मंत्रियों की कार्यप्रणाली को ज्यादा प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाना है। बदलते दौर में तकनीक आधारित शासन व्यवस्था और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस बार के शिविर को ज्यादा व्यावहारिक और परिणामोन्मुख बनाने की तैयारी की गई है। 4 और 5 जुलाई को होने वाले दो दिवसीय शिविर में प्रशासनिक प्रबंधन, नीति निर्माण, नेतृत्व विकास, सुशासन, तकनीकी नवाचार, जनसेवा और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन विशेषज्ञ, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ मंत्रियों को मार्गदर्शन देंगे। (Sai Government Chintan Shivir)
आने वाले सालों की विकास रणनीति पर होगा मंथन
शिविर के दौरान बेहतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने, त्वरित निर्णय प्रक्रिया अपनाने, योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही प्रशासनिक सुधारों और नई कार्यप्रणालियों पर भी व्यापक मंथन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक सरकार इस मंच का उपयोग आने वाले सालों की विकास रणनीति तैयार करने और अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करने के लिए भी करेगी। अलग-अलग विभागों की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। सरकार की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है। सरकार का मानना है कि आधुनिक प्रबंधन के सिद्धांतों और विशेषज्ञों के अनुभवों से मंत्रियों को जोड़कर शासन व्यवस्था को और ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकता है, जिससे योजनाओं का लाभ आम जनता तक तेजी और बेहतर तरीके से पहुंच सके।
सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती: मंत्री चौधरी
चिंतन शिविर को लेकर कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार हर स्तर पर क्षमता निर्माण पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि नीति निर्धारकों के लिए प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। ट्रेनिंग के जरिए नए विचार, अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी मिलती है। उनका कहना है कि सीखने की प्रक्रिया जिस दिन खत्म हो जाती है, उसी दिन व्यक्ति जड़ हो जाता है। चिंतन शिविर 3.0 से मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को लाभ मिलेगा और शासन को ज्यादा प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी मंत्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कई मंत्री पहली बार विधायक बनकर सरकार में आए हैं, ऐसे में प्रशिक्षण उनके लिए उपयोगी साबित होगा।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सीखने के लिए पूरा जीवन भी कम पड़ जाता है। सार्वजनिक जीवन में लगातार सीखते रहना आवश्यक है और शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि सुशासन और अभिसरण विभाग चिंतन शिविर का आयोजन करता है। मंत्री होने के नाते चिंतन शिविर का लाभ मिलता है। पिछली दो बार हुए चिंतन शिविर से बहुत लाभ हुआ है। 4 और 5 जुलाई को चिंतन शिविर IIM में प्रस्तावित है। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ प्रशिक्षण में मार्गदर्शन देंगे। वहीं कांग्रेस ने चिंतन शिविर को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मंत्री बनने के समय भी प्रशिक्षण दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी।
अब ट्रेनिंग की नहीं, फेयरवेल की तैयारी करनी चाहिए: बैज
बैज ने कहा कि सरकार के कई मंत्री जनता के काम से ज्यादा अन्य गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण आयोजित करने के बजाय सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए। बैज ने हाल ही में मुख्यमंत्री निवास में हुई उच्च स्तरीय बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की गई है और कमजोर प्रदर्शन वाले मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर चर्चा चल रही है। अब तो पूरे नाव में छेद हो चुका है। अब ट्रेनिंग की नहीं, फेयरवेल की तैयारी करनी चाहिए। सभी मंत्रियों से इस्तीफा लेने की खबर तो चल ही रही है। बता दें कि भाजपा नेताओं को डिजिटल ट्रेनिंग दी जाएगी। इस पर बैज ने कहा कि बीजेपी के नेता झूठ और भ्रम फैलाने का काम करते हैं। वे झूठ बोलने की फैक्ट्री तैयार कर रहे हैं। भाजपा बताएं वे कौन सी यूनिवर्सिटी से पास आउट है। बीजेपी नेता घटिया यूनिवर्सिटी से पास आउट हुए हैं। (Sai Government Chintan Shivir)
पहले भी हो चुके हैं दो चिंतन शिविर
साय सरकार इससे पहले भी दो चिंतन शिविर आयोजित कर चुकी है। पहला चिंतन शिविर 31 मई से 1 जून 2024 तक नवा रायपुर स्थित IIM में आयोजित किया गया था, जिसमें विकसित छत्तीसगढ़-2047 के विजन, सुशासन, नीति निर्माण और प्रशासनिक दक्षता जैसे विषयों पर चर्चा हुई थी। इसके बाद चिंतन शिविर 2.0 8 से 9 जून 2025 में सरकार के डेढ़ साल के कामकाज की समीक्षा, विभागीय समन्वय, वित्तीय प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास रोडमैप पर व्यापक मंथन किया गया था। अब सरकार तीसरे चिंतन शिविर के जरिए प्रशासनिक सुधारों और बेहतर परिणाम देने वाली कार्यसंस्कृति को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह शिविर सिर्फ प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली और भविष्य की प्राथमिकताओं को तय करने का मंच भी बन सकता है। ऐसे समय में जब जनता तेजी से परिणाम देने वाली और तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था की अपेक्षा कर रही है, तब चिंतन शिविर 3.0 सरकार के लिए सुशासन और जवाबदेही की कसौटी भी साबित होगा।



