साय सरकार के चिंतन शिविर से पहले गरमाई सियासत, मंत्रियों की ट्रेनिंग पर कांग्रेस का तंज, CM हाउस की बैठक को लेकर भी उठाए सवाल

Politics on Chintan Shivir: नवा रायपुर स्थित IIM में जुलाई में साय सरकार के चिंतन शिविर 3.0 और मंत्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ सरकार इसे सुशासन, प्रशासनिक दक्षता और बेहतर नीति-निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे सरकार की नाकामी छिपाने की कवायद करार दे रही है। चिंतन शिविर के साथ-साथ 18 जून को मुख्यमंत्री निवास में देर रात हुई हाई लेवल बैठक को लेकर भी विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने सरकार पर तीखा हमला बोला है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM अरुण साव और भाजपा नेताओं ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए बैठक को सामान्य और नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
यह भी पढ़ें:- जुलाई में IIM में होगा साय सरकार का चिंतन शिविर 3.0, मुख्यमंत्री समेत पूरी कैबिनेट लेगी प्रशिक्षण, कांग्रेस ने साधा निशाना
जुलाई में होने वाले मंत्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि आधा समय बीतने के बाद प्रशिक्षण देकर क्या करेंगे ? गले तक भ्रष्टाचार में डूबने के बाद ट्रेनिंग देकर क्या होगा। अब तो भाजपा में ट्रेनिंग के बजाय फेयरवेल पार्टी होनी चाहिए। 2 बजे रात तक बैठक हो रही है, किसका इस्तीफा हो रहा है ये भी बता देना चाहिए। बैज ने कहा कि अब मंत्रियों को अधिकारी भी नहीं सुन रहे, ऐसे में उन्हें ट्रेनिंग नहीं, बल्कि फेयरवेल पार्टी दी जानी चाहिए। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भी भाजपा के तीसरे चिंतन शिविर को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को चिंतन शिविर आयोजित करने के बजाय अपनी नीतियों और वादों को लेकर चिंता करनी चाहिए। (Politics on Chintan Shivir)
CM हाउस की बैठक पर बढ़ा राजनीतिक विवाद
पायलट ने कहा कि भाजपा को चिंतन नहीं, चिंता करनी चाहिए। प्रदेश में भाजपा ने कौन सा वादा पूरा किया है? झूठ के ताश के पत्तों पर खड़ी राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। आखिर में भाजपा के झूठ का यह पहाड़ ध्वस्त होगा। CM हाउस में मंत्रियों की हुई बैठक पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का आधा टाइम हो चुका है। सरकार को डर और चिंता सता रही है। कांग्रेस की सरकार बनने वाली है, जिसका बीजेपी को डर है। इसलिए सरकार बैठक के ले रही है। वहीं 18 जून की रात मुख्यमंत्री निवास में अचानक बुलाई गई हाई लेवल बैठक को लेकर भी कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। बैठक रात करीब 9 बजे शुरू हुई और देर रात तक चली। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल फेरबदल और इस्तीफों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया। (Politics on Chintan Shivir)
डैमेज कंट्रोल के लिए बुलाई गई बैठक: कांग्रेस
PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से मंत्रिमंडल में बदलाव और इस्तीफों की चर्चा चल रही है। इसलिए CM हाउस में आनन-फानन मे एमरजेंसी बैठक हुई। इस दौरान अधिकांश मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद थे, जिन्हें बुलाया गया और कमजोर काम-काज वाले मंत्रियों के इस्तीफे की बात हुई। CM साय के परफॉरमेश भी कमजोर है तो मंत्रियों ने कहा कि उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए, जिसे लेकर मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच वॉक- टॉक हुआ। बैज ने कहा कि CM समेत मंत्रियों का इस्तीफा कब होगा, यह बड़ा सवाल है। बैज ने यह भी कहा कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और कुछ मंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर चर्चा और मतभेद की स्थिति बनी। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं चल रही थी, जिसके बाद सरकार को डैमेज कंट्रोल के लिए बैठक बुलानी पड़ी।
कोई आपात बैठक नहीं थी: CM साय
शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल फेरबदल और नेतृत्व परिवर्तन की बातें एक पखवाड़े से चल रही थी। कहा जा रहा था कि मंत्रियों को बदला जाएगा। मंत्रियों को जब इसकी जानकारी मिली तो वो लामबंद हो गए। डैमेज कंट्रोल के लिए आनन-फानन में मुख्यमंत्री निवास में सारे मंत्रियों को बुलाया गया। सरकार के अंदर बहुत विस्फोटक स्थिति बन चुकी है। हेलीकॉप्टर भेजकर मंत्रियों को बुलाया गया है। ऐसी कोई आपात स्थिति नहीं थी, जिससे हेलीकॉप्टर भेजकर बुलाया जाए। छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बीजेपी के अंदर उथल-पुथल मचा हुआ है। इसका परिणाम आपात बैठक थी। बगावत की बात सामने आते ही डैमेज कंट्रोल के लिए यह बैठक बुलाई गई। विपक्ष के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी और इसे अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है बैठक: साव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के PM पद पर 12 साल पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर ’12 साल विश्वास के, 12 साल विकास के, 12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम चल रहा है, जिसकी मंत्रियों और विधायकों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। बैठक उन्हीं कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आयोजित की गई थी। हमारे मंत्रीगण कितना कर पा रहे हैं, उसी की समीक्षा थी। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर चर्चा हुई। साव ने बताया कि पार्टी ने विशेष कार्ययोजना बनाई है, जिसके तहत सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में उन्हीं गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकें नियमित रूप से होती रहती है।
अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर पलटवार
भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और संगठन की ओर से नियमित रूप से समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि “यह पूरी तरह सामान्य और नियमित बैठक थी। कांग्रेस बेवजह राजनीतिक अर्थ निकालने की कोशिश कर रही है। भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री की ओर से सार्थक पहल हुई। यह सभी रूटीन बैठक है, जो नियमित प्रक्रिया के तहत हो रही है। विस्फोटक स्थिति बीजेपी में नहीं, कांग्रेस में बन चुकी है। कांग्रेस को प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी चाहिए कि क्यों लोग उनको छोड़कर जा रहे है। कांग्रेस पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है। (Politics on Chintan Shivir)
राजनीतिक मायने भी तलाशे जा रहे
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चिंतन शिविर 3.0 और मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। एक ओर सरकार प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को मजबूत करने की बात कर रही है, वहीं विपक्ष इसे सरकार के भीतर असंतोष, मंत्रिमंडल फेरबदल और नेतृत्व संबंधी चर्चाओं से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल सरकार ने किसी भी तरह के मंत्रिमंडल फेरबदल या इस्तीफे की संभावना से इनकार किया है, लेकिन चिंतन शिविर और मुख्यमंत्री निवास की बैठक को लेकर सियासी बहस लगातार तेज होती जा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति का प्रमुख विषय बना रह सकता है। (Politics on Chintan Shivir)



