Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया ट्रिपल मर्डर केस के सभी 9 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 4 ने किया सरेंडर

Koriya Triple Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नौगई गांव में रेत कारोबार और कथित अवैध वसूली को लेकर हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने शनिवार को मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जबकि फरार चल रहे नौवें नामजद आरोपी गौरव त्रिपाठी को पुलिस ने खड़गवां क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में नामजद सभी 9 आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम, साजिश और हत्या के पीछे की वास्तविक वजहों की जांच कर रही है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर SP रत्ना सिंह ने बताया कि लगातार दबाव और छापेमारी के कारण आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया।

यह भी पढ़ें:- ट्रंप ने फिर बांधे PM मोदी की तारीफ के पुल, बोले- युद्धों से दूर रहने वाले मजबूत नेता हैं प्रधानमंत्री

घटना 16 जून की देर रात कोरिया जिले के नौगई गांव में हुई थी। आरोपियों ने भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी का रास्ता हाइवा वाहनों से रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आग इतनी भयावह थी कि लल्ला सिंह वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए। हमले में उनके चचेरे भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्होंने बाद में दम तोड़ दिया। वहीं विरेंद्र सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फॉर्च्यूनर पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और बीजेपी नेता भरत सिंह की मौत हो चुकी थी।

सरेंडर करने वालों में मास्टरमाइंड भी शामिल

शनिवार को जिन आरोपियों ने सरेंडर किया, उनमें मास्टरमाइंड मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी और आशुतोष त्रिपाठी शामिल हैं। इससे पहले 17 जून को पुलिस ने अक्षत त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और विशाल त्रिपाठी को गिरफ्तार किया था। वहीं गौरव त्रिपाठी की गिरफ्तारी के बाद सभी नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छत्तीसगढ़ के अलावा उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश तक फोटो और जानकारी भेजी थी। लगातार दबिश और संभावित आंदोलन के दबाव के बीच आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे रेत खनन और कथित अवैध वसूली का पुराना विवाद था। चिरमी रेत घाट का ठेका मयंक सिंह के नाम पर था। आरोप है कि इसके बाद सिंह परिवार अलग-अलग क्षेत्रों से निकलने वाली रेत पर प्रति हाईवा एक हजार रुपए तक की वसूली कर रहा था।

हूटर विवाद और मारपीट ने बढ़ाई दुश्मनी

दूसरी ओर त्रिपाठी परिवार भी रेत परिवहन और कारोबार से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दूसरे घाटों से निकाली गई रेत पर भुगतान और वसूली को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई महीनों से तनाव चल रहा था। यही विवाद धीरे-धीरे खूनी संघर्ष में बदल गया। स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली माने जाने वाले भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी में हूटर लगाए जाने की शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। कार्रवाई के बाद हूटर हटवाया गया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। घटना से कुछ दिन पहले नौगई के शिवघाट क्षेत्र में निशांत त्रिपाठी और सिंह परिवार के कुछ सदस्यों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में FIR भी दर्ज हुई थी। पुलिस का मानना है कि यही विवाद बाद में तिहरे हत्याकांड की वजह बना।

समझौते के लिए पहुंचे थे लल्ला सिंह 

मृतक पक्ष का दावा है कि मारपीट की घटना के बाद लल्ला सिंह अपने भाइयों और अन्य लोगों के साथ समझौते की कोशिश के लिए नौगई पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर उन पर हमला कर दिया। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई थी। पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ट्रिपल मर्डर को लेकर छत्तीसगढ़ करणी सेना ने भी कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि न्याय मिलने तक करणी सेना पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने उठाए सवाल

पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद और तनाव की जानकारी पहले से पुलिस को थी, इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो गई। उन्होंने रेत माफिया पर नियंत्रण नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रदेश में रेत ठेका व्यवस्था की समीक्षा और आवश्यकता पड़ने पर उसे बंद करने की मांग की। वहीं कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और माफियाराज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छत्तीसगढ़ को किसी भी सूरत में बिहार नहीं बनने देंगे। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत है।

Education Minister Gajendra Yadav

आने वाले समय में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए उनके घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि हमला कितने समय से योजनाबद्ध था, इसमें किसकी क्या भूमिका थी और घटना के पीछे सिर्फ रेत कारोबार का विवाद था या कोई अन्य कारण भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे सरगुजा संभाग को झकझोर दिया है और रेत कारोबार से जुड़े विवादों समेत स्थानीय स्तर पर बढ़ते आपराधिक संघर्षों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!